नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरीसेना ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया और जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में ‘सीमापार से आतंकी हमले’ की निंदा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान में कहा गया, “श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर रविवार को उड़ी में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। “
राष्ट्रपति सिरीसेना ने शहीद जवानों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने इलाके से आतंकवाद के अभिशाप को खत्म करने के लिए निरंतर सहयोग की जरूरत की बात कही।
बारामुला जिले के उड़ी में रविवार को सेना के प्रशासनिक शिविर पर हुए आतंकी हमले में 18 जवान शहीद हो गए और 30 घायल हो गए। माना जा रहा है कि यह हमला जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकियों ने किया था।
dharmpath.com dharmpath