मुकेश अंबानी लगातार 9वें साल सबसे अमीर भारतीय : फोर्ब्स

मुंबई, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। कुल 22.7 अरब डॉलर (1,51,477 करोड़ रुपये) की संपत्ति के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी लगातार नौवें साल भारत के सबसे अमीर आदमी बने हुए हैं। अमेरिकी व्यापार पत्रिका फोर्ब्स ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पत्रिका ने एक रपट में बताया कि 59 वर्षीय अंबानी 100 सबसे अमीर भारतीयों की सूची में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। उनकी संपत्ति 22.7 अरब डॉलर है, जो पिछले साल 18.9 अरब डॉलर थी। क्योंकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में पिछले 12 महीनों में 21 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

तेल से लेकर खुदरा कारोबार में लगी उनके समूह ने हाल ही में 4जी मोबाइल सेवाओं को लांच किया है, जो ग्राहकों के लिए 31 दिसंबर तक मुफ्त है।

सबसे अमीर भारतीयों की सूची में दूसरे स्थान पर प्रमुख ड्रग कंपनी सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज के मालिक दिलीप सांघवी है जिनकी कुल संपत्ति 16.9 अरब डॉलर है, हालांकि उनकी निजी संपत्ति में पिछले एक साल में 1.1 अरब की गिरावट आई है। यह गिरावट उनकी कंपनी के शेयरों के दाम में आई गिरावट के कारण हुई है।

वहीं, इस सूची में लंदन में रहनेवाले हिंदुजा बंधु हैं जिनकी साल 2016 में कुल संपत्ति 15 अरब डॉलर है, जबकि पिछले साल यह 14.8 अरब डॉलर थी।

हिंदुजा बंधु चार भाई हैं जिनके नाम श्रीचंद, गोपीचंद, प्रकाश और अशोक हैं और वे बहुराष्ट्रीय कंपनी के मालिक हैं जिनका कारोबार बैंकिंग और केबल टीवी से लेकर ट्रकों और ल्यूब्रीकेंट तक है।

आई क्षेत्र की दिग्गज कंपनी विप्रो के अजीम प्रेम जी इस सूची में तीसरे स्थान से इस साल चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 15 अरब डॉलर है। उनकी आईटी कंपनी की कमाई में मांग में कमी के कारण चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 6 फीसदी की गिरावट देखी गई।

सरकार की अवसंरचना को बढ़ावा देने और सभी के लिए घर उपलब्ध कराने की नीति से सीमेंट और पेंट का उत्पादन करनेवाली कंपनी के मालिक बेणु गोपाल बंगर के भाग्य बदल गए हैं और वे 5.9 अरब की संपत्ति के साथ इस सूची में शीर्ष 20 में से 14 वें स्थान पर आ गए हैं। उनके श्री सीमेंट के शेयरों में तेज वृद्धि हुई है।

बंगर की तरह ही एशियन पेंट्स के गैर कार्यकारी उपाध्यक्ष अश्विन दानी भी इस सूची में 34 वें स्थान पर है। इस साल उनकी संपत्ति 1.1 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 3.3 अरब डॉलर रही।

देश के 100 सबसे अमीरों की कुल संपत्ति में इस साल 10 फीसदी का इजाफा हुआ और 345 अरब डॉलर से बढ़कर 381 अरब डॉलर हो गया।

फोर्ब्स एशिया के भारत संपादक नाजनीन करमाली ने बताया, “ब्रेक्सिट के बाद की दुनिया में भारत एक स्थिर जहाज की तरह उभरा है और इसकी अर्थव्यवस्था 7 फीसदी की रफ्तार से बढ़ रही है। भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में अच्छी बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि उनकी कंपनियों के शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।”

फोर्ब्स इंडिया के संपादक सौरभ मजूमदार ने बताया, “इस साल की सूची में भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में काफी बढ़ोतरी देखी गई है, क्योंकि बाजार बढ़ रहा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493