आजाद का कहना है कि कांग्रेस किसानों के कर्ज माफी के लिए गंभीर है और वह इस विषय पर संसद और विधानसभा के अंदर और बाहर दबाव बनाएगी।
कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में शुक्रवार को रायबरेली से लखनऊ पहुंच रही राहुल गांधी की किसान यात्रा का जिक्र करते हुए आजाद ने कहा कि राहुल किसानों की हर समस्या के लिए काफी गंभीर हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का मानना है कि किसानों की हालत ठीक होगी तो देश की हालत ठीक होगी। किसान ही जब अनाज पैदा करते हैं तो गांव और शहर के लोगों का पेट भरता है।”
आजाद ने कहा, “कांग्रेस किसानों की कर्ज माफी और कृषि में प्रयोग होने वाले बिजली के बिल की माफी की हिमायती है। कांग्रेस ने यूपीए-1 में किसानों का 72 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था।”
आजाद ने कहा कि राहुल गांधी अपनी खाट सभाओं और किसान यात्राओं के दौरान किसानों से मांग पत्र लेकर इकट्ठे कर रहे हंै। किसानों के इन मांग पत्रों को कांग्रेस राष्ट्रपति को सौंपेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसानों को उनके कर्ज माफी और कृषि योग्य मुफ्त बिजली के लिए संसद और विधानसभा के अंदर और बाहर केंद्र और प्रदेश सरकार पर दबाव बनाएंगे। कांग्रेस किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर भी गंभीर है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में आएगी तो पहले प्रदेश स्तरीय किसानों का कर्ज माफ करेगी। ढाई साल बाद केंद्र की सत्ता में आने पर राष्ट्रीयकृत बैंकों द्वारा किसानों को दिए गए कर्जो को माफ किया जाएगा।
लखनऊ पहुंच रही राहुल गांधी की किसान यात्रा और राजधानी में शुक्रवार को होने वाले राहुल के रोड शो के बारे में आजाद ने बताया कि राहुल गांधी का रोड शो दोपहर दो बजे परिवर्तन चौक से शुरू होगा, जो कैसरबाग बस अड्डे से होते हुए झंडे वाला पार्क, मोलवीगंज, रकाबगंज, नखास और चरक चौराहा होते हुए चौक चौराहा पहुंचेगा। चरक चौराहे पर राहुल गांधी एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
dharmpath.com dharmpath