क्लिंटन व ट्रंप की बहस ने टीवी का रिकार्ड तोड़ा

न्यूयार्क, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के बीच राष्ट्रपति पद की बहस को अमेरिकी टीवी चैनलों पर 8.4 करोड़ लोगों ने देखा जिससे 36 साल पुराना रिकार्ड टूट गया। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली है।

इससे पहले सबसे ज्यादा लोगों द्वारा देखी जाने वाली राष्ट्रपति पद की बहस साल 1980 में जिमी कार्टर और रोनाल्ड रीगन के बीच हुई थी, जिसे 8.06 करोड़ लोगों ने देखा था।

बीबीसी के अनुसार, यह आंकड़ा केवल 13 अमेरिकी टीवी चैनलों पर बहस देखने वाले दर्शकों का है। इन चैनलों ने बहस का सीधा प्रसारण किया था। यानी सही आंकड़ा इससे कहीं अधिक हो सकता है, क्योंकि लाखों लोगों ने अन्य ऑनलाइन साधनों के जरिए इसे देखा होगा।

आंकड़ा प्रदाता नीलसन ने कहा कि दर्शक 98 मिनट की बहस में बंधे रहे।

यह 20वीं प्रेसीडेंशियल डिबेट थी। इसका आयोजन एक गैर सरकारी संगठन कमीशन आन प्रेसीडेंशियल डिबेट्स ने किया था।

सीएनएन/ओआरसी के सर्वेक्षण के मुताबिक, हिलेरी क्लिंटन सोमवार की रात हुई बहस में विजेता रहीं। बहस देखने वाले 62 प्रतिशत मतदाताओं ने क्लिंटन का समर्थन किया जबकि डोनाल्ड ट्रंप को 27 प्रतिशत मतदाताओं का ही समर्थन हासिल हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493