चाबहार बंदरगाह समझौते पर भारत, अफगानिस्तान व ईरान के बीच बैठक

नई दिल्ली, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी, अफगानिस्तान के परिवहन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. मोहम्मदुल्लाह बताश तथा ईरान के सड़क एवं शहरी विकास मंत्री अब्बास अहमद अखौंदी के बीच एक त्रिपक्षीय बैठक हुई।

इस बैठक में तीनों मंत्रियों ने अंतर्राष्ट्रीय परिवहन एवं पारगमन कॉरिडोर स्थापित करने पर विचार-विमर्श किया। इसके लिए इन्होंने चाबहार बंदरगाह समझौते पर 23 मई को तेहरान में भारत के प्रधानमंत्री तथा अफगानिस्तान के राष्ट्रपति की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए थे।

इस बैठक के दौरान मंत्रियों ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी हब के रूप में चाबहार के महत्व और अपने इस उद्देश्य को पाने के लिए काम करने की वचनबद्धता को दोहराया। बैठक में निर्णय लिया गया कि चाबहार बंदरगाह से पैदा होने वाले अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी हितधारकों के लिए एक कनेक्टिविटी कार्यक्रम का आयोजन दो महीनों के भीतर चाबहार में आयोजित किया जाएगा।

मंत्रियों ने इस बात पर संतोष जताया कि समझौते की पुष्टि के लिए आंतरिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। समझौते के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए उठाए जाने वाले अगले कदमों पर भी विचार-विमर्श किया गया। निर्णय किया गया कि परिवहन और पारगमन, बंदरगाह, सीमा शुल्क की प्रक्रियाएं तथा वाणिज्य दूत से संबंधी कार्यो के लिए एक प्रोटोकॉल का विकास किया जाए।

यह भी तय किया गया कि चाबहार में तीनों देशों के वरिष्ठ विशेषज्ञ अधिकारियों की महीने भर के भीतर एक बैठक आयोजित की जाए। बंदरगाहों, सड़कों और रेल कनेक्टिविटी के विकास से इन तीनों देशों में नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और इनसे इन देशों में समृद्धि आएगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निमंत्रण पर डॉ. अब्बास अखौंदी और मोहम्मदुल्लाह बताश भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493