भोपाल, 30 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में कार्यरत विभिन्न विभागों में कौशल विकास से संबंधित योजनाओं को एक प्लेटफार्म पर लाने के लिए मध्यप्रदेश स्टेट स्किल डेवलपमेंट मिशन बनेगा। यह निर्णय शुक्रवार को मध्यप्रदेश व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद की बैठक में लिया गया।
बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार, मिशन के अध्यक्ष मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान और कार्यकारी अध्यक्ष तकनीकी शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री दीपक जोशी होंगे।
जोशी ने बैठक में कहा कि सभी अधिकारी मिशन मोड में कार्य करें और स्कूल तथा कॉलेज में जाकर कौशल विकास की योजनाओं की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट मिशन प्रधानमंत्री की स्किल इंडिया की अवधारणा को पूरा करेगा।
बैठक में कौशल विकास केन्द्रों में संचालित पाठ्यक्रमों को जरूरत के मुताबिक बंद करने एवं बाजार की मांग अनुसार रोजगारमूलक नए पाठ्यक्रम प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।
dharmpath.com dharmpath