कोच्चि, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक अदालत ने सोमवार को यहां छह युवाओं को 14 अक्टूबर तक के लिए एनआईए की हिरासत में भेज दिया। इन युवाओं पर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) का कार्यकर्ता होने का संदेह है।
इन सभी युवाओं की उम्र तीस साल से कम है। इन्हें रविवार को उत्तरी केरल से गिरफ्तार किया गया।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि ये युवा दस सदस्यीय समूह का हिस्सा रहे हैं।
इनमें से एक दस दिन पहले कतर से लौटा है। उसकी पत्नी और बहन ने उसके आईएस से जुड़े होने से इनकार किया है।
दूसरे आरोपियों के दोस्तों और संबंधियों ने भी मामले को लेकर हैरानी जताई है।
एनआईए ने रविवार को कहा था कि उसने छह लोगों को गिरफ्तार कर एक आतंकी माड्यूल का पर्दाफाश किया है। इन पर आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप है।
जांच एजेंसी ने अपनी कोच्चि शाखा में इन पर आपराधिक साजिश रचने, सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने और गैर कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
dharmpath.com dharmpath