तेलंगाना ने चार और जिले बनाने के लिए गठित की समिति

हैदराबाद, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने गुरुवार को एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति गठित की जो चार नए जिले बनाने की मांग पर विचार करेगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि इस समिति के प्रमुख तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के महासचिव और राज्यसभा के सदस्य के. केशव राव होंगे। समिति को सात अक्टूबर तक रिपोर्ट देने को कहा गया है।

समिति में उप मुख्यमंत्री मुहम्मद महमूद अली, मंत्री जगदीश रेड्डी, पी. श्रीनिवास रेड्डी और जोगु रमन्ना सदस्य के रूप में हैं।

यह समिति चार जिले बनाने की जनप्रतिनिधियों और जनता की मांग का अध्ययन करेगी।

सरकार ने पिछले माह 17 नए जिले गठित करने की अधिसूचना का मसौदा जारी किया था और जनता के सुझाव मांगे थे।

वारंगल जिले में जनगांव, करीमनगर में सिरचिल्ला, महबूब नगर में गडवाल और अदिलाबाद में आसिफाबाद जिला बनाने की मांग जोरदार तरीके से उठी है।

इसके लिए इन स्थानों पर पिछले कुछ हफ्तों में सभी दलों के स्थानीय नेताओं को विरोध प्रदर्शन और बंद का आयोजन करते देखा गया है।

यदि सरकार चार और जिले बनाने की मांग मान लेती है तो देश के इस सबसे नए राज्य में कुल जिलों की संख्या 31 हो जाएगी।

सरकार इस हफ्ते अंतिम अधिसूचना जारी करने की योजना बना रही है ताकि नए जिले दशहरा से वजूद में आ जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि नए जिलों का गठन प्रशासनिक सुविधा और बेहतर व पारदर्शी प्रशासन के लिए होगा।

वह मानते हैं कि छोटे जिलों से सरकार के लिए कल्याणकारी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करना संभव होगा।

मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों के नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी भी वर्ग के लोगों को जिलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया में नाखुश नहीं करना चाहते हैं और इसलिए कुछ और जिले बनाने में कोई समस्या नहीं होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493