लखनऊ/बागपत, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बागपत के बड़ौत में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह की रैली में उप्र की दयनीय हालत पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह बेहद हैरत वाली बात है कि देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश में गरीब तथा किसान बेहाल हैं।
नीतीश ने कहा, “अब भी मौका है, उत्तर प्रदेश में नई कहानी लिखी जा सकती है। हम, अजित जी तथा आर.के. चौधरी के साथ हैं। आप देख सकते हैं कि शराब बंदी से बिहार में बदलाव आया है। यह बदलाव उत्तर प्रदेश में भी हो सकता है।”
उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान गिनती के दौरान भाजपा की जीत दिखाई जा रही थी। बिहार की तरह चुनावी विश्लेषक उत्तर प्रदेश में भी गच्चा खाएंगे।
नीतीश ने कहा, “उत्तर प्रदेश में इस समय हाल बेहद बुरा है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने तो मुझे लखनऊ में सभा करने से भी रोक दिया था। मैं भी लखनऊ के वीवीआइपी गेस्ट हाउस में बैठा रहा। इसके बाद तीन बजे सभा करने की मंजूरी दी गई।”
उन्होंने कहा, “आप लोगों ने उत्तर प्रदेश में भाजपा, समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी का राज देख लिया है। अब तो इनको बदलने का समय है, परिवर्तन का समय है। लोग भी परिवर्तन चाहते हैं। तीसरा मोर्चा को भी एक बार मौका तो देकर देख लीजिए।”
नीतीश ने रालोद के महासचिव तथा पूर्व सांसद जयंत चौधरी की तारीफ की। उन्होंने रैली में भीड़ को देखकर जयंत का बोलबाला बताया। उन्होंने कहा, “मैं बागपत आने के बाद अपने को बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह से मैंने बहुत कुछ सीखा है। मैं अपना सम्मान मानता हूं कि यहां हूं। बागपत की धरती को प्रणाम करता हूं।”
dharmpath.com dharmpath