राजस्थान में अंतर्राज्यीय विमान सेवा शुरू

जयपुर, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान में अंतर्राज्यीय विमान सेवा की पहली उड़ान जयपुर से जोधपुर व उदयपुर के लिए मंगलवार को यहां से शुरू हुई।

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व दादू दयाल संप्रदाय के गोपालदास जी महाराज ने संगानेर एयरपोर्ट स्टेट हैंगर से सुप्रीम एयरलाइंस के नौ सीटर विमान को हरी झंडी दिखाई।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि बीकानेर व कोटा को भी विमान सेवा से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य ने सोमवार को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की, जब सिंगापुर की स्कूट एयरलाइंस ने जयपुर से सिंगापुर के लिए सीधी उड़ान सेवा की शुरुआत की।

राज्य सरकार ने राज्य के विभिन्न शहरों के बीच विमान सेवा के संचालन के लिए सुप्रीम ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ करार किया है।

राज्य सरकार के बयान के मुताबिक, पहले चरण के तहत जयपुर से जोधपुर व उदयपुर के बीच विमान सेवा शुरू की गई है। न्यूनतम किराया प्रति व्यक्ति 3,499 रुपये रखा गया है।

नागरिक उड्डयन विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “इसके बाद राज्य के अन्य शहरों से भी विमान सेवा शुरू होगी।”

समझौते के मुताबिक, सुप्रीम एयरलाइंस अंतर्राज्यीय उड़ान नौ सीटों वाले सेसना कैरावैन-सी208बी के साथ सप्ताह में छह दिन विमान का संचालन करेगी।

विमान सेवा शुरू होने से पर्यटन, धार्मिक, ऐतिहासिक व विरासत महत्व वाले स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।

राजस्थान में प्रति वर्ष औसतन 12 लाख विदेशी व दो करोड़ से अधिक घरेलू पर्यटक आते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493