भोपाल, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में पर्यावरण और वन्य-प्राणियों के संरक्षण के लिए मनाए जा रहे वन्य-प्राणी सप्ताह के दौरान वन्य-प्राणियों के अंगीकरण येाजना के तहत देना बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के बाघ ‘पन्ना’ और तेंदुआ जोड़ा ‘नीमू-खुशी’ को एक वर्ष के लिए गोद लिया।
वन-विहार की ओर से जानकारी दी गई कि वन्य-प्राणी अंगीकरण योजना में गुरुवार को बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक राज आनंद रमन ने गोद लिए गए वन्य-प्राणियों के लिए 40 हजार रुपये का चेक वन विहार के संचालक डॉ. अतुल श्रीवास्तव को सौंपा। डॉ. श्रीवास्तव ने रमन को वन्य-प्राणियों के अंगीकरण का प्रमाण-पत्र दिया।
वन विहार में वन्य-प्राणी संरक्षण के प्रति सदभावना उत्पन्न करने के उद्देश्य से वन्य-प्राणियों को गोद लेने की यह योजना एक जनवरी, 2009 में शुरू की गई थी। इसमें कोई भी व्यक्ति या संस्था वन विहार की सूची में शामिल वन्य-प्राणी को मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक आधार पर गोद ले सकता है। इसके लिए उन्हें मध्यप्रदेश टाइगर फाउंडेशन सोसायटी के नाम से भोपाल में देय चेक या बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से राशि जमा कर निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होता है।
इस योजना में अब तक 62 वन्य-प्राणियों को गोद लिया जा चुका है, जिससे वन विहार को 50 लाख 69 हजार 380 रुपये की आय हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath