उप्पल (हैदराबाद), 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। रणजी ट्रॉफी के पहले दौर के मैच में मध्य प्रदेश ने उत्तर प्रदेश पर शिकंजा कस दिया है। मध्य प्रदेश के पहली पारी में बनाए गए 465 रनों के जवाब में उत्तर प्रदेश की टीम शुक्रवार को यहां अपनी पहली पारी में स्टम्प तक पांच विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाकर जूझती दिखी।
उप्पल के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में जारी मैच में उत्तर प्रदेश की ओर से एकलव्य द्विवेदी ( नाबाद 37) ने सबसे अधिक रन बनाए।
उत्तर प्रदेश टीम की ओर से आउट होने वाले पांच बल्लेबाज तन्मय श्रीवास्तव (15), अल्मास शौकत (18), उमंग शर्मा (6), सरफराज खान (17) और पीयूष चावला (22) रहे।
मध्य प्रदेश की ओर से गौरव यादव ने सबसे अधिक तीन विकेट चटकाए, जबकि ईश्वर यादव को एक सफलता हासिल हुई।
इससे पहले शुक्रवार को अपने पहले दिन गुरुवार के स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 292 रनों से आगे खेलने उतरी मध्य प्रदेश की टीम ने अपने खाते में 173 रन और जोड़े। टीम के लिए हरप्रीत सिंह ने नाबाद रहते हुए सबसे अधिक 216 रनों का योगदान दिया।
मध्य प्रदेश की पहली पारी में उत्तर प्रदेश के लिए इम्तियाज अहमद ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए, जबकि अंकित राजपूत, पीयूष चावला और कुलदीप यादव को दो-दो सफलता हासिल हुई। गौरव यादव रन आउट हुए थे।
dharmpath.com dharmpath