जापानी एंसेफलाइटिस के कारण ओडिशा में 39 मरे

भुवनेश्वर, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में जापानी एंसेफलाइटिस के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य मंत्री अतनु सब्यसाची नायक ने एक समीक्षा बैठक में कहा कि जापानी एंसेफलाइटिस से ग्रस्त होने की संभावना वाले 116 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 25 से ज्यादा अन्य लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि स्थिति का मुआयना करने के लिए और रोगियों के इलाज के लिए नौ चिकित्सकों और स्टाफ नर्सो की एक टीम को प्रभावित गांवों में भेजा गया है।

हालांकि मंत्री ने कहा कि वे इस समय रोग से बचाव के लिए टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं कर सकते।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रोग के प्रसार के संबंध में राज्य सरकार के एक पत्र के जवाब में कहा कि अब प्रभावित इलाकों में टीकाकरण शुरू करना व्यर्थ होगा।

नायक ने कहा कि मंत्रालय के मुताबिक, अगर अब टीकाकरण किया गया तो इसका असर उल्टा होगा और टीकाकरण रोग के फैलने से पहले ही किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार संभवत: इस साल नवंबर में टीकाकरण प्रक्रिया शुरू करेगी।

इसी बीच स्थिति से निपटने के लिए एक केंद्रीय नियंत्रण प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है और राज्य सरकार स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए संक्रमित सुअरों को बड़े पैमाने पर मारने के लिए गंभीरता से विचार कर रही है।

मलकानगिरी जिला प्रशासन ने करीब 2,400 सुअरों को प्रभावित गांवों से दूर एक बाड़े में रखा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493