मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने प्रशिक्षित लोगों की जरूरत : पटेल

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सोमवार को कहा कि देश में मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षित व कुशल लोगों की जरूरत है।

मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत, केंद्र सरकार देश में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम में खाई पाटने के लिए बड़ा निवेश कर रही है।

मंत्री ने कहा, “हमें जिला अस्पतालों, सामुदायिक व प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों में अधिक से अधिक चिकित्सा अधिकारियों, नर्सों, काउंसलरों तथा फार्मासिस्टों को प्रशिक्षित करने की जरूरत होगी।”

उन्होंने कहा, “इसके साथ ही सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (आशा) तथा सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) की भी सहायता ली जाएगी।”

विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम के दौरान पटेल ने ये बातें कही।

उन्होंने किसी किशोर के वयस्क बनने के दौरान माता-पिता व परिजनों की भूमिका पर जोर दिया।

मंत्री ने कहा कि जीवन कौशल के विकास के लिए चौतरफा प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने उन किशोरों का जिक्र किया, जिन्हें मानसिक तनाव का खतरा है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों का हवाला देते हुए पटेल ने कहा कि चार में से एक व्यक्ति अपने जीवन काल में कभी न कभी मानसिक बीमारी से प्रभावित होता है।

मंत्री ने कहा, “भारत की छह-सात फीसदी आबादी किसी न किसी प्रकार की मानसिक बीमारी से ग्रस्त है।”

मृत्यु के बढ़ते आंकड़ों में भी मानसिक बीमारी को एक बड़े कारण के रूप में देखा जा सकता है। डिप्रेशन, बाइपोलर, एंक्जाइटी, पर्सनैल्टी डिल्यूशनल तथा मादक पदार्थो का इस्तेमाल मृत्यु के कारणों के कुछ उदाहरण हैं।

स्वास्थ्य राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी कहा, “एक समुदाय के रूप में हमें संयुक्त रूप से मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित रोगों तथा उनके इलाज के बारे में जागरूकता फैलानी चाहिए। इससे मरीजों को गरिमा के साथ सामान्य जीवन जीने में मदद मिलेगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493