सेंट लुईस, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन और रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के बीच रविवार रात हुई दूसरी बहस में दोनों ने एक-दूसरे पर खुलकर व्यक्तिगत हमले किए।
दोनों नेताओं ने बहस की शुरुआत में एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाए, लेकिन बहस के अंत में दोनों ने हाथ जरूर मिलाए।
सीएनएन के सर्वे के मुताबिक, बहस में हिलेरी ने जीत दर्ज की। ट्रंप का 34 फीसदी, जबकि हिलेरी का 57 फीसदी लोगों ने समर्थन किया।
वाशिंगटन विश्वविद्यालय में टाउन हॉल प्रारूप में आयोजित की गई इस बहस में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। हिलेरी ने ट्रंप को महिलाओं पर उनकी अश्लील टिप्पणी वाले वीडियो पर घेरा। इसके जवाब में ट्रंप ने हिलेरी और उनके पति बिल क्लिंटन पर भी निशाना साधा।
पहली बहस की तरह ही दोनों नेताओं के बीच सौहार्द्र के कोई संकेत नजर नहीं आए। इस दौरान दर्शक दीर्घा में हिलेरी के पति एवं पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और ट्रंप की पत्नी मेलेनिया ट्रंप परिवार सहित मौजूद थे।
‘एबीसी’ की मार्था रैडेट्ज ने ‘सीएनएन’ के एंडरसन कूपर के साथ बहस की मेजबानी की। इस दौरान पहला प्रश्न दर्शक दीर्घा में बैठी एक शिक्षिका ने पूछा कि क्या वह अमेरिकी बच्चों के व्यवहार को उचित दिशा दे रहे हैं।
हिलेरी ने अपने जवाब में हर अमेरिकी के साथ काम करने का वादा किया और कहा कि वह सभी अमेरिकी नागरिकों की राष्ट्रपति होंगी।
बहस की शुरुआत में ट्रंप ने एहतियात बरती और इस सवाल के जवाब में कहा कि वह हिलेरी की बातों से सहमत हैं।
लेकिन, जब कूपर ने वाशिंगटन पोस्ट द्वारा लीक 2005 के वीडियो के बारे में कहा कि “आप शेखी बघारते हैं कि आपने महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया है। आप इसका मतलब भी समझते हैं?”
इस पर ट्रंप ने महिलाओं को लेकर अपनी अश्लील टिप्पणियों पर भरसक बचाव करने का प्रयास किया और कहा, “मैंने ऐसा नहीं कहा। वह बंद कमरे में हुई बातचीत थी। मुझे इस पर गर्व नहीं है।”
इसके बाद ट्रंप ने आतंकवाद और दुनियाभर में हो रही ‘बुरी चीजों’ पर हमला बोला।
हिलेरी ने अश्लील टिप्पणी विवाद पर ट्रंप पर निशाना साधा और कहा, “मैंने पिछले 48 घंटों में अधिकांश समय यह सोचने पर लगा दिया कि हमने क्या सुना और देखा है।”
हिलेरी ने कहा कि नीतियों और सिद्धांतों को लेकर पूर्व में उनके रिपब्लिकन उम्मीदवारों के साथ मतभेद रहे हैं, लेकिन ट्रंप तो राष्ट्रपति और कमांडर इन चीफ बनने के योग्य ही नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जिसने भी वीडियो देखा है, वह यह जान गया है कि वह कौन हैं। हमने उन्हें महिलाओं की शारीरिक बनावट एवं सौंदर्य के हिसाब से उन्हें आंकते देखा है। यह सिर्फ महिलाओं या इस वीडियो के बारे में नहीं है। इससे डोनाल्ड ट्रंप की पूरी शख्सियत का पता चलता है।”
ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति एवं हिलेरी के पति बिल क्लिंटन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने तो यौन उत्पीड़न के बारे में बात करने की तुलना में उससे भी बदतर काम किए थे। उन्होंने हिलेरी पर एक दुष्कर्म पीड़ित को परेशान करने का आरोप भी लगाया।
ट्रंप सिर्फ यहीं नहीं रुके। उन्होंने हिलेरी को ‘शैतान’, ‘झूठी’ और ‘दिल में नफरत रखने वाली’ महिला तक कह दिया, लेकिन हिलेरी इन सब पर शांत बनी रहीं।
इस पर हिलेरी ने अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा का हवाला देते हुए कहा, “वह जितना नीचे गिरेंगे, हम उतना ऊपर उठेंगे।”
इसके बाद ट्रंप ने हिलेरी पर ईमेल मुद्दे को लेकर निशाना साधा और कहा, “यदि मैं जीतता हूं तो अपने विशेष अभियोजक से आपके ईमेल मामले की दोबारा जांच करने को कहूंगा। आपको अपने आप पर शर्म आनी चाहिए।”
इस पर हिलेरी ने कहा, “इन्होंने अभी जो कुछ भी कहा है, वह पूरी तरह गलत है, लेकिन मुझे उनकी बातों से कोई हैरानी नहीं हो रही है।”
बहस के दौरान एक क्षण ऐसा भी था, जब ट्रंप ने हिलेरी से ओबामा की ‘हेल्थकेयर’ पॉलिसी, जिसे ‘ओबामाकेयर’ के नाम से भी जाना जाता है, के बारे में जवाब देने को कहा।
इस पर हिलेरी ने कहा कि अगले राष्ट्रपति के लिए किफायती चिकित्सा नीति उच्च प्राथमिकता होगी।
वहीं, ट्रंप ने कहा, “ओबामाकेयर कभी कारगर साबित नहीं होगी। यह बहुत खराब स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी है।”
इस बहस के दौरान दर्शक दीर्घा में बैठी एक युवा महिला ने अमेरिका में मुसलमानों के खिलाफ घृणा व नस्लीय अपराध के बारे में पूछा तो ट्रंप ने कहा, “मुसलमान जब भी इस तरह की घृणा देखें तो इसकी शिकायत दर्ज कराएं। मुसलमानों को उनके समक्ष आ रही समस्याओं की रपट दर्ज करानी होगी।”
उन्होंने कहा कि वह (हिलेरी) नाम नहीं लेंगी, ओबामा नाम नहीं लेंगे, लेकिन नाम मौजूद है और वह चरमपंथी इस्लामी आतंक।
जब एक मतदाता ने दोनों नेताओं से यह पूछा कि उन्हें एक-दूसरे के बारे में क्या पसंद है तो इसके जवाब में हिलेरी ने कहा कि उन्हें ट्रंप का परिवार पसंद है।
ट्रंप ने हिलेरी के बारे में कहा, “वह पीछे नहीं हटेंगी। वह हार नहीं मानेंगी। मैं उनका सम्मान करता हूं। वह एक योद्धा हैं।”
बहस के अंत में दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया।
dharmpath.com dharmpath