बैडमिंटन : योनेक्स डच ओपन में जयराम, कश्यप का विजयी आगाज

आलमेरे (नीदरलैंड्स), 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अजय जयराम और राष्ट्रमंडल चैम्पियन पारुरपल्ली कश्यप ने बुधवार को योनेक्स डच ओपन के पहले दौर में जीत के साथ शुरुआत की।

टूर्नामेंट में सर्वोच्च वरीय जयराम ने पहले दौर के मैच में फिनलैंड के हेनरी आर्नियो को सीधे गेमों में 21-16, 21-11 से हराया।

जयराम को यह मैच जीतने में 29 मिनट का समय लगा। पहले गेम में जयराम को आर्नियो से थोड़ी चुनौती जरूर मिली, लेकिन दूसरे गेम में उन्होंने पूरी तरह अपना दबदबा कायम रखते हुए जीत हासिल की।

जयराम बुधवार को ही बुल्गारिया के फिलिप शिशोव के खिलाफ दूसरे दौर का मैच खेलेंगे।

वहीं टूर्नामेंट में 11वें वरीय पारुपल्ली ने पहले दौर के मैच में अमेरिकी के जोर्न सेगुइन को सीधे गेमों में 21-12, 24-22 से हराया। हालांकि सेगुइन ने पारुपल्ली को जीत हासिल करने से पहले 40 मिनट तक पसीना बहाने के लिए मजबूर किया।

सेगुइन पहले गेम में पारुपल्ली के सामने खास अड़चन पैदा नहीं कर पाए। लेकिन दूसरे गेम में उन्होंने एड़ी चोटी लगा दी। दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच शुरु से एक-एक अंक के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली।

सेगुइन एक समय 16-11 से बढ़त ले चुके थे। लेकिन यहां पारुपल्ली कश्यप ने जबरदस्त वापसी की और लगातार पांच अंक लेते हुए बराबरी कर ली। हालांकि इसके बाद भी दोनों खिलाड़ियों के बीच 22-22 तक कड़ा संघर्ष चलता रहा। यहां से पारुपल्ली ने लगतार दो अंक अपनी झोली में डालते हुए मैच अपने कब्जे में कर लिया।

पारुपल्ली को भी बुधवार को ही दूसरे दौर का मैच खेलना है, जहां वह डेनमार्क के रासमस गेमके को चुनौती देते नजर आएंगे।

टूर्नामेंट में खेल रहे अन्य भारतीय खिलाड़ियों में सिरील वर्मा को जहां पहले दौर में हार झेलनी पड़ी, वहीं लखानी सारंग ने जीत से शुरुआत की।

पिछले हफ्ते रूस ओपन ग्रांप्री. के फाइनल तक का सफर तय करने वाले सिरील को पहले दौर के मैच में फिनलैंड के इक्का हेइनों के हाथों 20-22, 8-21 से हार मिली। वहीं लखानी ने पहले दौर के मुकाबले में स्कॉटलैंड के कीरन मेरिलीज को 21-12, 21-18 से हरा दिया।

लखानी के सामने हालांकि अब दूसरे दौर में छठे वरीय इस्तोनिया के राउल मस्ट की कठिन चुनौती होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493