कबड्डी विश्व कप : जापान ने पोलैंड को 33-22 से हराया

अहमदाबाद, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। जापान ने बुधवार को खेले गए कबड्डी विश्व कप-2016 के अपने दूसरे मैच में पोलैंड को 33-22 से मात दे दी।

कबड्डी विश्व कप में जापान की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले जापान ने अमेरिका को 45-19 के भारी अंतर से हराया था।

रेड के मामले में पोलैंड ने जापान पर बाजी मारी, लेकिन जापान ने डिफेंड में पोलैंड को कहीं पीछे छोड़ दिया।

जापान के लिए काजुहिरो ताकानो और कप्तान मासायूकी शिमोकावा ने सर्वाधिक अंक जुटाए। ताकानो ने आठ जबकि शिमोकावा ने सात अंक जुटाए। ताकानो ने जहां सात अंक रेड से और एक अंक टैकल से जुटाए, जबकि शिमोकावा ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए रेड से चार और टैकल से तीन अंक जोड़े।

पोलैंड के लिए जैन बारानोविच ने सर्वाधिक नौ अंक जुटाए। पोलैंड की टीम ने रेड से 18 अंक जोड़े, जबकि टैकल से वे सिर्फ दो अंक जोड़ सके। वहीं जापान ने रेड से 17 अंक जुटाए, जबकि टैकल से उसने 12 अंक जोड़े।

जापान ने आलआउट से दो अंक हासिल किए, जबकि पोलैंड एक भी अंक नहीं ले सका। बोनस के रूप में दोनों टीमों को दो-दो अंक मिले।

इस जीत के साथ जापान ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493