बैडमिंटन : पारुपल्ली योनेक्स डच ओपन के तीसरे दौर में हारे

अल्मेरे (नीदरलैंड्स), 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के अग्रणी पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी और राष्ट्रमंडल चैम्पियन पारुपल्ली कश्यप गुरुवार को योनेक्स डच ओपन के तीसरे दौर में हार गए।

टूर्नामेंट में 11वें वरीय पारुपल्ली छठे वरीय इस्तोनिया के राउल मस्ट के हाथों सीधे गेमों में 18-21, 18-21 से हार गए। यह मुकाबला 42 मिनट तक चला।

पारुपल्ली ने हालांकि दोनों ही गेम में राउल को कड़ी टक्कर दी और एक-एक अंक के लिए कठिन परिश्रण करने के लिए मजबूर किया।

पहले गेम में पारुपल्ली ने शुरुआत तो अच्छी की और 4-0 से बढ़त ले ली, लेकिन राउल ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार 10 अंक अर्जित किए। पारुपल्ली ने भी संघर्ष करते हुए स्कोर 12-12 से बराबर कर लिया और यहां से दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला कड़ा होता चला गया।

बहरहाल पहला गेम हारने के बाद पारुपल्ली ने दूसरे गेम में फिर से बेहतर शुरुआत की और एकबार फिर 8-4 की बढ़त हासिल की। लेकिन दोनों खिलाड़ियों की ओर से लगाए गए बेहतरीन शॉट के बीच यह गेम फिर से 18-18 के रोमांचक स्तर तक जा पहुंचा।

यहां राउल ने फिर से बाजी मारी और मैच अपनी झोली में डालने में सफल रहे।

राउल ने दूसरे दौर में भारत के ही लखानी सारंग को हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया था।

टूर्नामेंट का तीसरा दिन भारत के लिए अब तक निराश करने वाला ही रहा है। मनु अत्री और बी. सुमीत रेड्डी की शीर्ष वरीय जोड़ी को पुरुष युगल वर्ग के पहले ही दौर में जैके अरेंड्स और रुबेन जिले की स्थानीय जोड़ी से हार झेलनी पड़ी।

डच जोड़ी ने शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी को सीधे गेमों में 21-19, 21-19 से हराया। पुरुष युगल वर्ग में ही प्रणव जेरी चोपड़ा और अक्षय देवालकर की तीसरी वरीय जोड़ी को भी हार का मुंह देखना पड़ा।

पहले दौर के मुकाबले में भारतीय जोड़ी यार्ने जीस और फाबियान होल्जर की जर्मन जोड़ी से संघर्ष करने के बाद 21-17, 15-21, 22-20 से हार गई।

वहीं मिश्रित युगल वर्ग में जे. मेघना और पूर्विशा एस. राम की भारतीय जोड़ी को माइकेन फ्रूरगार्ड और सारा थाजेसेन की चौथी वरीय डेनिश जोड़ी ने 21-10, 21-9 से हराया।

टूर्नामेंट में अब पुरुष एकल वर्ग में शीर्ष वरीय अजय जयराम और मिश्रित युगल वर्ग में प्रणव और एन. सिक्की रेड्डी की जोड़ी से ही भारतीय उम्मीद बची हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493