कबड्डी विश्व कप : एकतरफा मुकाबले में थाईलैंड ने केन्या को दी मात

अहमदाबाद,13 अक्टूबर (आईएएनएस)। अपने आक्रामक खेल के दम पर थाईलैंड ने गुरुवार को कबड्डी विश्व कप-2016 के अपने तीसरे ग्रुप मैच में केन्या को 32 अंकों के बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को कायम रखा है।

द बाय एरेना ट्रांसस्टेडिया में खेले गए ग्रुप-बी के इस मैच में थाईलैंड ने केन्या को 53-21 से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ वह अंकतालिका में अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर आ गई है। केन्या चौथे स्थान पर है।

मैच से पहले थाईलैंड के राजा भूमिबोल अदुल्यादेज के निधन पर कुछ देर का शोक व्यक्त किया गया, जिनका गुरुवार को 88 साल की उम्र में निधन हो गया।

थाईलैंड ने अच्छी शुरुआत की और लगातार तीन अंक ले लिए। केन्या ने एक अंक लेकर स्कोर 1-3 कर लिया। लेकिन इसके बाद उसे अपने दूसरे अंक के लिए इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मैच के नौवें मिनट में थाईलैंड के कप्तान कोमसान थोंकखाम को ग्रीन कार्ड भी दिखाया गया।

थाईलैंड ने लगातार 12 अंक हासिल करते हुए स्कोर 15-1 कर दिया। इसके बाद केन्या ने बोनस अंक हासिल कर अपना दूसरा अंक जुटाया। पहले हाफ की समाप्ति तक थाइलैंड ने केन्या पर 30-8 की बढ़त ले ली थी। थाईलैंड ने इस हाफ में केन्या को दो बार ऑल आउट किया।

दूसरे हाफ में भी थाईलैंड ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। केन्या ने रणनीति में बदलाव किया लेकिन वह थाईलैंड के खिलाड़ियों से पार नहीं पा सकी। थाईलैंड ने दूसरे हाफ की शुरुआत के तुरंत बाद केन्या को ऑलआउट किया। केन्या ने इस हाफ में 13 अंक जुटाए। थाईलैंड ने इस हाफ में अपने खाते में 23 अंकों का इजाफा किया।

थाईलैंड की तरफ से उसके कप्तान ने सर्वाधिक 14 अंक जुटाए। जिसमें 10 रेड और चार बोनस अंक शामिल हैं। उनके अलावा कोनाकोन चानजारोइन ने 10 अंक हासिल किए।

केन्या की तरफ से जॉन मुरेम्वा और इल्फास ओटिएनो ने चार-चार अंक हासिल किए जिसमें एक सुपर टैकल भी शामिल है।

रेड से थाईलैंड ने 31 अंक जोड़े जबकि केन्या ने इस मैच में 16 रेड अंक हासिल किए। टैकल से दोनों टीमों ने क्रमश: 11 और पांच अंक जोड़े।

थाईलैंड के हिस्से आठ ऑल आउट अंक आए, लेकिन केन्याई टीम एक भी ऑलआउट अंक हासिल नहीं कर सकी। थाईलैंड ने तीन अतिरिक्त अंक जुटाए, केन्या यहां खाता भी नहीं खोल पाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493