शंघाई, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी ओपन विजेता स्विट्जरलैंड के अग्रणी टेनिस खिलाड़ी स्टानिस्लास वावरिंका को गुरुवार को शंघाई मास्टर्स के तीसरे दौर में हार झेलनी पड़ी।
फ्रांस के जाइल्स सिमोन ने तीसरी विश्व वरीयता प्राप्त वावरिंका को तीसरे दौर के मुकाबले में सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से चौंकाऊ मात दे दी।
वावरिंका सिर्फ 96 मिनट तक सिमोन का सामना कर सके।
इस मैच से पहले सिमोन का वावरिंका के खिलाफ जीत-हार का आंकड़ा 2-4 का था, लेकिन 2010 से सिमोन हार्डकोर्ट पर वावरिंका से नहीं हारे हैं।
पहले सेट में वावरिंका एक समय 3-1 से आगे चल रहे थे, लेकिन यहां वह कई गैरवाजिब गलतियां कर बैठे, जिसका फायदा उठाते हुए सिमोन ने पहला सेट जीत लिया। दूसरे सेट में भी वावरिंका, सिमोन की सर्विस ब्रेक करने में सफल रहे, लेकिन जैसे दिन उनका नहीं था और उन्होंने कई गलतियां कीं।
अंतत: सिमोन ने मैच पर नियंत्रण हासिल करते हुए जीत हासिल की। सिमोन अब क्वार्टर फाइनल में जैक सोक से भिड़ेंगे।
dharmpath.com dharmpath