कानपुर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि पहले वह अपना कुनबा ठीक करें, वही बहुत है।
धम्म चेतना यात्रा के समापन पर शुक्रवार को कानपुर पहुंचे अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने डॉ. अंबेडकर को सम्मानित किया है।
ज्ञात हो कि धम्म चेतना यात्रा की शुरुआत 14 अप्रैल को सारनाथ से हुई थी।
कानपुर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में बौद्ध अनुनायियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि मायावती ने कांग्रेस का समर्थन किया और कांग्रेस ने आजादी से लेकर आज तक अंबेडकर को अपमानित किया।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यूपी में चुनाव होने वाले हैं। समाजवादी सरकार वाले कानून व्यवस्था संभाल नहीं सकते हैं। उनसे घर के झगड़े संभलते नहीं, यूपी क्या संभलेगा।
शाह ने कहा, “मैं बस इतना कहता हूं कि अखिलेश, बस अपना कुनबा संभाल लो।”
उन्होंने कहा, “मायावती कहती हैं कि मैं आऊंगी तो गुंडगर्दी खत्म हो जाएगी। मैं पूछता हूं कि जब आपको कांशीराम ने बसपा सौंपी तो आपकी और आपके भाई की संपत्ति कितनी थी? कैसे आपकी संपत्ति इतनी बढ़ गई।”
शाह ने कहा कि पिछड़ों और दलितों के लिए न सपा काम कर सकती है और न ही बसपा। नरेंद्र मोदी की सरकार ने पिछड़ों, दलितों और गरीबों के लिए काम किया है।
dharmpath.com dharmpath