बेनौलिम, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उनके नेपाली समकक्ष पुष्प कमल दहाल ‘प्रचंड’ के बीच बैठक के दौरान नेपाल में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की गतिविधियों पर चर्चा नहीं हुई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने संवाददाताओं से कहा कि दोनों नेताओं ने विकास व ऊर्जा क्षेत्रों में सभी चालू परियोजनाओं के साथ ही सामुदाय-आधारित परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने पर सहमति जताई।
स्वरूप ने कहा, “प्रचंड ने नेपाल के जूट उत्पादों पर एंटी-डंपिंग जांच का मुद्दा उठाया, जिसपर प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस मुद्दे को देखेंगे।”
बीते साल अक्टूबर में, भारतीय एंटी-डंपिंग एंड अलाइड ड्यूटी महानिदेशालय ने बांग्लादेश के जूट उत्पादों, टाट के कपड़ों व जूट की बोरियों के आयात पर एक एंटी-डंपिंग जांच शुरू की है।
स्वरूप ने कहा कि दोनों नेताओं ने संतोष व्यक्त किया कि भारत-नेपाल संयुक्त आयोग की अगली बैठक इस महीने के बाद नई दिल्ली में होगी, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं पर व्यापक रूप से चर्चा होगी।
dharmpath.com dharmpath