त्रिपुरा में पार्टियों के बीच उप चुनावों को लेकर जुबानी जंग तेज

अगरतला, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। चुनाव आयोग द्वारा सोमवार को त्रिपुरा विधानसभा की दो सीटों के उप चुनावों की घोषणा के चंद घंटों के भीतर राज्य में राजनीतिक दलों के बीच जुबानी बहस तेज हो गई।

सत्तारूढ़ वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस ने सोमवार रात को ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा बुधवार को किए जाने की संभावना है।

चुनाव आयोग ने सोमवार को बरजाला और खुवाई में 19 नवम्बर को उप चुनाव कराए जाने की घोषणा की।

वाम मोर्चा शासित त्रिपुरा में साल 2018 के चुनावों से पहले, नवंबर में होने वाले इन महत्वपूर्ण उप चुनावों में कई दलों में कड़ा मुकाबला होने वाला है। इससे सत्तारूढ़ वाममोर्चे को फायदा मिलने की उम्मीद है।

तृणमूल कांग्रेस ने सभी विपक्षी पार्टियों से उप चुनावों के लिए मैदान में संयुक्त उम्मीदवार खड़े करने का आग्रह किया जिससे वाम मोर्चे को हराया जा सके।

तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप राय बर्मन ने सोमवार की रात कहा, “हम सभी विपक्षी पार्टियों से अपील करते हैं कि वे दोनों सीटों पर विपक्षी मतों के विभाजन को रोकने के लिए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों का समर्थन करें। “

बर्मन, हाल ही मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस से अलग होकर तृणमूल कांग्रेस के साथ आए हैं। उन्होंने तृणमूल के राज्य अध्यक्ष सुरजीत दत्त के साथ यह अपील की।

उन्होंने कहा, “माकपा के प्रभाव वाले वाम मोर्चे के चंगुल से त्रिपुरा की मुक्ति के लिए विपक्ष को एकजुट होना चाहिए।”

तृणमूल कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रकाश दास को बरजाला सीट से और एक पूर्व माकपा नेता मनोज दास को खोवाई निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है।

तृणमूल की अपील को खारिज करते हुए कांग्रेस ने कहा कि तृणमूल ने अकेले अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर इस विकल्प को खत्म कर दिया है।

त्रिपुरा कांग्रेस के उपाध्यक्ष तापस डे ने संवाददाताओं से कहा, “तृणमूल कांग्रेस को अपने उम्मीदवार की घोषणा से पहले चर्चा करनी चाहिए थी। हम अपने उम्मीदवारों की घोषणा बुधवार को करेंगे।”

वाम मोर्चा ने युवा नेता झुमु सरकार को बरजाला से और जिला पार्टी सचिव बिस्वजीत दत्त को खोवाई से उम्मीदवार बनाया है।

दिल्ली रवाना होने से पहले राज्य भाजपा अध्यक्ष बिप्लव देब ने फोन पर आईएएनएस से कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से सलाह के बाद बुधवार को पार्टी के उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493