नई दिल्ली , 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। जेएनयू के लापता छात्र नजीब अहमद की मां फातिमा ने गुरुवार को प्रशासन से अपने बच्चे की तलाश में मदद करने का आग्रह किया।
फातिमा ने सीएनएन न्यूज18 चैनल से कहा, “मुझे एक बार मेरे बच्चे का चेहरा दिखा दीजिए। इसके बाद आप चाहे तो एक महीने के लिए रख लीजिए। मैं एक शब्द भी नहीं कहूंगी। लेकिन एक बार मुझे उसे दिखा दीजिए।”
उन्होंने रोते हुए कहा, “मैं बहुत छोटी सी जगह से हूं। मैं अपने बच्चे को सुरक्षित देखना चाहती हूं। मुझे नहीं पता कि उसने कुछ खाया भी है या भूखा है।”
फातिमा ने कहा, “मेरी हर किसी से अपील है कि मुझे अपने बच्चे को खोजने में मदद करें।”
उनका कहना है कि उन्हें 14 अक्टूबर की रात नजीब का एक घबराहट भरा कॉल मिला था, जिसके बाद वह उत्तर प्रदेश के बदायूं से यहां पहुंचीं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के सदस्यों के साथ हुए झगड़े के बाद नजीब 14 अक्टूबर की रात से ही लापता है।
dharmpath.com dharmpath