आईएसएल : इतिहास बदलने उतरेगा कोलकाता

कोलकाता, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के इतिहास में एटलेटिको डी कोलकाता अभी तक दिल्ली डायनामोज पर जीत हासिल नहीं कर सका है। लेकिन लीग के तीसरे संस्करण में शनिवार को जब वह अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली के खिलाफ उतरेगा तो उसकी कोशिश इस इतिहास को बदलने की होगी।

दोनों टीमें रबींद्र सरोवर स्टेडियम में एक दूसरे से भिड़ेंगी।

बीते दो संस्करणों में कोलकाता ने हर एक टीम को मात दी है लेकिन दिल्ली के सामने वह हमेशा ही असफल रहा है। बीते चार मैचों में कोलकाता ने दिल्ली के खिलाफ सिर्फ दो गोल ही किए हैं। इससे कम गोल कोलकाता ने किसी अन्य टीम के खिलाफ नहीं किए हैं।

अहम बात यह है कि इस संस्करण में दोनों टीमों अभी तक अजेय हैं। कोलकाता ने अब तक कुल चार मैच खेले हैं। एक में उसे जीत मिली है और तीन मैच ड्रा रहे हैं। दूसरी ओर, दिल्ली ने पहले मैच में मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी के खिलाफ जीत हासिल की थी, उसके बाद के उसके बाकी के तीन मैच बराबरी पर छूटे हैं।

कोलकाता के कोच जोस मोलिना ने इस मैच से पहले कहा, “बुरी बात यह है कि हम अपने घर में अब तक दो मैचों में जीत नहीं हासिल कर सके हैं और अच्छी बात यह है कि हम अब तक अपने घर में हारे भी नहीं हैं। हम सुधार करना चाहते हैं क्योंकि हमें जीत चाहिए लेकिन हमारे लिए अभी आगे जाने के काफी मौके हैं क्योंकि अभी हमें और 10 मैच खेलने हैं।”

अब तक के रिकार्ड को देखते हुए कोलकाता के लिए अपने घर में ही सही लेकिन दिल्ली को हरा पाना मुश्किल होगा। इसका कारण यह है कि चेन्नयन एफसी को हराकर इस सीजन की शानदार शुरुआत करने वाली दिल्ली की टीम ने अपने अंतिम मैच में दो मौकों पर दो गोल के अंतर से पिछड़ने के बाद भी मुम्बई सिटी एफसी को बराबरी पर रोका था। यह मैच थोड़ा मुश्किल था लेकिन दिल्ली ने इस मैच से एक अंक हासिल किया था।

दिल्ली के कोच गियानलुका जाम्ब्रोता ने कहा, “बीते मैच में यह हमारा सौभाग्य था कि मुम्बई की गलतियों की वजह से हम 1-3 से पिछड़ने के बाद भी वापसी करने में सफल रहे थे।”

तो, क्या जाम्ब्रोता को कोलकाता के खिलाफ पूरे तीन अंकों की चाह रखनी चाहिए। अगर ऐसा है तो वह चाहेंगे कि मार्सेलो अपने पूरे रंग में हों। अब तक तीन गोल और दो एसिस्ट करने वाले मार्सेलो हर टीम की रक्षापंक्ति के लिए मुसीबत खड़ी करने में सफल रहे हैं।

बीते सीजन में मर्की खिलाड़ी फ्लोरेंट मालोउदा ने शानदार खेल दिखाते हुए दिल्ली को सेमीफाइनल तक पहुंचाया था। अगर मालोउदा अपने रंग में दिखे तो कोलकाता के खिलाफ दिल्ली का पलड़ा भारी रहेगा।

वैसे इस सीजन में मालोउदा रंग में नहीं नजर आए हैं। उनके पास की औसत संख्या 37.5 तक ही पहुंची है जबकि बीते सीजन में यह संख्या 65 के करीब थी।

चेल्सी के लिए खेल चुके मालोउदा हालांकि हर वक्त कोच की रणनीति का हिस्सा रहेंगे और जाम्ब्रोता चाहेंगे कि मालोउदा अपना बेहतरीन खेल दिखाएं। और फिर मालोउदा जैसा खिलाड़ी कब अपने असल रंग में आ जाए, यह कौन जानता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493