अखिलेश समर्थक एमएलसी उदयवीर निलंबित

लखनऊ , 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव के खिलाफ बोलने वालों के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कार्रवाई फिर शुरू की। शनिवार को कार्यकारिणी की बैठक के थोड़ी ही देर बाद शिवपाल ने विधान परिषद सदस्य (एमएलएसी) उदयवीर सिंह को पार्टी से छह वर्ष के लिए निलंबित कर दिया।

शिवपाल की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव भी पारित किया गया कि मुलायम के खिलाफ बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उदयवीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई के बाद प्रदेश सपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि विवादित चिट्ठी लिखने वालों पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई होगी।

गौरतलब है कि राज्य कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही आशंका जताई जा रही थी कि विधान परिषद सदस्य उदयवीर सिंह के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई हो सकती है।

उदयवीर सिंह को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का समर्थक माना जाता है। उन्होंने मुलायम सिंह को पत्र लिखकर अखिलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का आग्रह किया था।

सपा से निलंबित किए जाने के बाद एमएलसी उदयवीर ने कहा कि अगर एक पिता संरक्षक है तो इसमें क्या गलत है। मुलायम सिंह के संरक्षण में ही पार्टी चल रही है। पिता संरक्षक ही होता है। अगर किसी को सेनापति बना दिया गया है तो उसे सभी हक मिलने चाहिए। बड़े और छोटे नेता की बात नहीं है। सपा में अपनी बात रखने का सबको हक है।

उन्होंने कहा, “नेताजी जो फैसला करेंगे वो मैं मानूंगा। मैंने जो भी लिखा उस पर कायम हूं। अखिलेश जी के साथ जो हुआ वह गलत है। मैंने जो भी लिखा वह सही है। ऐसा पहले भी हुआ है कि पार्टी में लोगों को निकाला गया है। लेकिन बाद में गलती का एहसास हुआ तो वापस भी लिया गया। लेटर लिखने का कोई अफसोस नहीं है। पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता हूं।”

इससे पहले, राज्य कार्यकारिणी की बैठक में लगभग सभी पदाधिकारियों की सहमति से उदयवीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में आर्थिक और राजनैतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए। बैठक में नेताजी पर टिप्पणी का मुद्दा छाया रहा।

राज्य कार्यकारिणी की बैठक खत्म होने के बाद शिवपाल ने कहा कि अब सभी लोग पार्टी के रजत जयंती समारोह (पांच नवंबर) की तैयारियों में जुट जाएं। लोग बेकार की बातें कर रहे हैं, पार्टी में कोई बिखराव या विवाद नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493