इंदौर, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार से शुरू हुए वैश्विक निवेशक सम्मेलन (ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट ) में आई जापानी कंपनियों ने राज्य में निवेश की इच्छा जताई है। वहीं जापान अपनी तकनीक को भी राज्य में विस्तारित करने वाला है।
इस दो दिनी सम्मेलन की शुरुआत शनिवार से हुई है और यह रविवार तक जारी रहेगा।
सम्मेलन के सहयोगी देश (पार्टनर कंट्री) के तौर पर हिस्सा ले रहे जापान के राजदूत से लेकर कंपनियों ने राज्य में निवेश की इच्छा जताई। शनिवार को ‘जापान-सत्र’ में भारत में जापान के राजदूत केन्जी हीरामत्सू ने कहा कि जापान की लोकप्रिय तकनीक का मध्य प्रदेश में विस्तार किया जाएगा।
निहोन्गो सेंटर की अध्यक्ष नोरिको नासुकावा ने बताया कि उनके केंद्र द्वारा भारत में दिल्ली और भोपाल में जापानी भाषा के पाठयक्रम प्राथमिक से लेकर उच्च स्तर तक संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा केंद्र द्वारा जापानी भाषा और संस्कृति पर कॉर्पोरेट (व्यवसायिक) प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। केंद्र द्वारा कंपनी प्लेसमेंट सेवाएं व जापान में अध्ययन के लिए सहयोग की गतिविधि भी संचालित की जा रही है।
जेएफई इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध संचालक हाजिमे फुकई ने कंपनी द्वारा भारत में वृहद व्यवसाय क्षेत्र जैसे एक्वा साल्यूशन्स, रिन्यूएबल एनर्जी, एन्वायर्नमेन्ट साल्यूशन्स की गतिविधियों और मध्य प्रदेश में विस्तार की संभावनाओं पर विशेष प्रस्तुतिकरण दिया।
इससे पहले जॉन डेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं मालवा जोनल काउंसिल के अध्यक्ष राजेंद्र जोशी ने कहा कि जापान, मध्य प्रदेश में निवेश की विपुल संभावनाओं वाला अग्रणी देश है। जापान भारत में निवेश करने वाला दुनिया में चौथा सबसे बड़ा देश है।
अपर मुख्य सचिव गृह बी.पी. सिंह ने जापानी प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि जापान के सहयोग से स्थापित होने वाली परियोजनाओं को राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी।
dharmpath.com dharmpath