लखनऊ, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) में जारी पारिवारिक कलह के बीच रविवार को एक बड़े घटनाक्रम में वरिष्ठ नेता व महासचिव रामगोपाल यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
रामगोपाल ने रविवार को ही एक पत्र कार्यकर्ताओं के नाम लिखा था, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सपा का भविष्य बताया है।
रामगोपाल ने ‘प्यारे साथियों’ नाम से संबोधित पत्र में कहा है कि अखिलेश के साथ के लोगों ने पार्टी के लिए खून-पसीना बहाया और बड़े बलिदान दिए, जबकि दूसरी ओर ऐसे लोग हैं, जिन्होंने ‘करोड़ों कमाए और सत्ता का दुरुपयोग’ किया।
यह पत्र रविवार सुबह लगभग 6.30 बजे जारी किया गया। माना जा रहा है कि उन्होंने यह पत्र मुंबई से लिखा।
इस बीच, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक आवास पर मंत्रियों और विधायकों की बुलाई बैठक में वरिष्ठ मंत्री व अपने चाचा शिवपाल यादव को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने तीन अन्य मंत्रियों को भी सरकार से बाहर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में शिवपाल और उनके समर्थक विधायकों को नहीं बुलाया गया था।
dharmpath.com dharmpath