कोलकाता, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी एटलेटिको डी कोलकाता के मुख्य कोच जोस मोलिना ने सोमवार को प्रतिद्वंदी क्लब मुंबई सिटी एफसी के मार्की खिलाड़ी डिएगो फोर्लान पर तंज कसा है।
मोलिना ने कहा है कि मुंबई ने फोर्लान को आईएसएल के तीसरे संस्करण के लिए अच्छी खासी कीमत देकर खरीदा है, इसलिए उरुग्वे के इस खिलाड़ी को टीम के लिए अच्छा खेलना होगा।
आईएसएल में कोलकाता और मुंबई के दूसरे मुकाबले से पहले मोलिना ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “फोर्लान खतरनाक खिलाड़ी हैं। इससे पहले उनका समय अच्छा रहा होगा। अगर मुंबई ने उनके लिए बड़ी कीमत अदा की है तो हो सकता है वो खतरनाक हों।”
दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा था।
खबरों के मुताबिक फोर्लान लीग के इस सत्र में सबसे महंगे मार्की खिलाड़ी हैं। 2010 विश्व कप में गोल्डन बाल पुरस्कार के विजेता फोर्लान को खरीदने की कोशिशें कोलकाता ने भी की थीं।
फोर्लान चोट के कारण तीन मैच से बाहर थे। मोलिना से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने फोर्लान के खिलाफ कुछ विशेष रणनीति बनाई है तो उनका जवाब था, “उनकी टीम अच्छी है। उनके पास कुछ आक्रामक खिलाड़ी हैं और कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनकी व्यक्तिगत योग्यताएं बेहद अच्छी हैं।”
उन्होंने कहा, “हां, हमारे पास फोर्लान के लिए रणनीति है, जिसे मैं यहां नहीं बता सकता।”
dharmpath.com dharmpath