चटगांव, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ मिली करीबी हार ने भी बांग्लादेश के कप्तान मुशफिकुर रहीम को हतोत्साहित नहीं किया है।
बांग्लादेश की टीम सोमवार को जहुर अहमद चौधरी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पहले मैच में जीत के मुहाने पर पहुंच कर 22 रनों से मैच हार गई।
मैच के पांचवें एवं अंतिम दिन बांग्लादेश ने 253 रनों पर आठ विकेट से आगे खेलना शुरू किया, उसे जीत के लिए 33 रनों की जरूरत थी। लेकिन इंग्लैंड ने मेजबानों को अपने खाते में 10 रन ही जोड़ने दिए और बेन स्टोक्स ने दो विकेट लेकर उसके हाथों से जीत छीन ली।
रहीम ने कहा कि वह जानते थे कि जीत की संभावनाएं कम हैं।
रहीम ने कहा, “दो विकेट हाथ में रहते 33 रन बनाना मुश्किल था। मैच लगभग 90 फीसदी इंग्लैंड के पक्ष में था।”
उन्होंने कहा, “मुझे निश्चित ही बुरा लग रहा है। लेकिन यह जीत और हार की बात नहीं है। मैं निराश नहीं हूं। किसी ने भी नहीं सोचा था कि हम 15 महीनों बाद इतना अच्छा खेलेंगे।”
यह बांग्लादेश की टेस्ट में सबसे कम अंतर से हार है। इससे पहले बांग्लादेश सिर्फ एक ही बार सौ रनों के कम अंतर से हारा था। उसे वेस्टइंडीज ने ढाका में 2012-13 में 77 रनों से हराया था।
dharmpath.com dharmpath