‘बालोन डी ओर’ के प्रारंभिक 15 नामांकन में मेसी नदारद (लीड-2)

पेरिस, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी को हर साल दिए जाने वाले ‘बालोन डी ओर’ पुरस्कार के लिए सोमवार को 15 सदस्यों की पहली नामांकन सूची जारी कर दी गई, लेकिन सबसे आश्चर्यजनक यह है कि रिकॉर्ड पांच बार यह खिताब जीत चुके मेसी का नाम इस प्रारंभिक सूची में शामिल नहीं है।

अब तक फीफा के सहयोग से दिए जा रहे इस पुरस्कार से इस बार फीफा ने अपने संबंध समाप्त कर लिए, जिसके बाद ‘फ्रांस फुटबाल’ पत्रिका ने अकेले इस पुरस्कार को जारी रखने का जिम्मा उठाया और सोमवार को ही 30 खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी होने की उम्मीद है।

अब तक जारी 15 खिलाड़ियों की इस सूची में शीर्ष पांच में वेल्स के फारवर्ड गैरेथ बेल (रियल मेड्रिड), अर्जेटीना के सर्जियो आग्वेरो (मैनचेस्टर सिटी), पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (रियल मेड्रिड), गैबन के पियरे एमरिक ओबामेयांग (बोरूसिया डार्टमंड) और इटली के गियानलुइगी बफॉन (जुवेंतस) शामिल हैं।

प्रारंभिक सूची में शामिल अन्य खिलाड़ियों में केविन दे ब्रूयन (मैनचेस्टर सिटी, बेल्जियम), पाउलो देबाला (जुवेंतस, अर्जेटीना), डिएगो गोडिन (एटलेटिको मेड्रिड, उरुग्वे), एंटोइने ग्रीजमान (एटलेटिको मेड्रिड, फ्रांस), गोंजालो हिगुएन (जुवेंतस, अर्जेटीना), ज्लातान इब्राहिमोविक (मैनचेस्टर युनाइटेड, स्वीडन), आंद्रेस इनिएस्ता (बार्सिलोना, स्पेन), कोके (एटलेटिको मेड्रिड, स्पेन), टोनी क्रूस (रियल मेड्रिड, जर्मनी) और रॉबर्ट लेवांडोव्स्की (बायर्न म्यूनिख, पोलैंड) हैं।

पुरस्कार समारोह के आयोजन की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इस बार दिसंबर के मध्य में कभी इसका आयोजन होगा।

फीफा के साथ संधि खत्म होने के बाद ‘बालोन डी ओर’ के नियमों में भी बदलाव हुआ है। यह पुरस्कार हर साल फ्रांस फुटबाल की ओर से दिया जाता है और इसकी शुरुआत 1956 में की गई थी।

नए नियमों के तहत वर्ष के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी के चुनाव के लिए अब केवल दुनिया भर के चयनित पत्रकार ही मतदान करेंगे। इससे पहले इस मतदान प्रक्रिया में चुने गए कप्तान और कोच भी शामिल थे।

इसके अलावा, अब ‘बालोन डी ओर’ के हकदार अंतिम तीन खिलाड़ियों की घोषणा की बजाय सीधे विजेता की घोषणा की जाएगी।

ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि 2016 में इस पुरस्कार पर ला लीगा के शीर्ष फुटबाल खिलाड़ियों में से किसी एक का कब्जा होगा। बालोन डी ओर से बाकी 15 खिलाड़ियों की सूची भी भारतीय समयानुसार सोमवार की देर रात तक जारी कर दी जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493