गया, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के नक्सल प्रभावित गया जिले के कोठी क्षेत्र के थाना प्रभारी कयामुद्दीन अंसारी की हत्या मामले के मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने मंगलवार को यहां कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष जांच दल ने थाना प्रभारी हत्या मामले में मुख्य आरोपी शाने अली और उसके सहयोगी सानू खां को दिल्ली के एक इलाके से गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक कागजी कार्रवाई कर दोनों को गया लाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि तीन अक्टूबर को कोठी के थाना प्रभारी कयामुद्दीन अंसारी सुबह टहलने निकले थे तभी थाने से कुछ ही दूरी पर एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था।
dharmpath.com dharmpath