कोलकाता, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। अगले साल भारत की मेजबानी में होने वाले अंडर-17 फीफा विश्व कप के लिए छह आयोजन स्थलों को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन टूर्नामेंट के निदेशक जेविएर सेप्पी का कहना है कि यह मंजूरी अंतिम नहीं है और इसे बदला भी जा सकता है।
उन्होंने साथ ही ऐसे कई उदाहरण दिए जब मेजबानी के लिए तैयार न होने के कारण आयोजन स्थल को अंतिम समय पर रद्द कर दिया गया।
जूनियर विश्व कप का आयोजन अगले साल छह अक्टूबर से किया जाएगा। भारत में यह फीफा का पहला सबसे बड़ा टूर्नामेंट होगा।
सेप्पी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यह अंतिम मंजूरी नहीं है। हम स्थलों को मेजबानी की मंजूरी दे रहे हैं इसका मतलब है कि हम उनके अभी तक फीफा के मुताबिक किए गए काम से संतुष्ट हैं।”
फीफा के 13 सदस्यीय दल ने मंगलवार को कोलकाता को मैचों के आयोजन की मंजूरी दी है। कोलकाता मंजूरी हासिल करने वाला छठा स्थल है। इससे पहले कोच्ची, गोवा, नवी मुम्बई, दिल्ली, गुवाहाटी को मंजूरी मिल चुकी है।
सेप्पी ने कहा, “कई बार ऐसा भी हुआ है कि काम पूरा न होने के कारण अंतिम समय पर स्थल से मेजबानी छीन ली गई हो। मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि इसके बाद काम करना बंद कर दिया जाए। मैं यहां हर महीने आता रहूंगा।”
सेप्पी ने कहा कि फीफा विश्व कप से 15 दिन पहले मैदानों को अपने अधिग्रहण में ले लेगा।
उन्होंने कहा, “वह विश्व कप से 15 दिन पहले यहां होंगे। फरवरी-मार्च में अंतिम बार जायजा लेने के बाद वह देखेंगे की सब कुछ सही है या नहीं। वह तब देखेंगे की कुछ काम बचा है या नहीं।”
dharmpath.com dharmpath