पेरिस, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी को हर साल दिए जाने वाले ‘बालोन डी ओर’ पुरस्कार के लिए नामांकित 30 खिलाड़ियों की सूची जारी हो गई है। इस सूची में एफसी बार्सिलोना की तिकड़ी-लियोनेल मेसी, नेमार और लुइस सुआरेज का भी नाम शामिल है। मेसी पांच बार यह खिताब जीत चुके हैं।
इससे पहले सोमवार को प्रारंभिक 15 खिलाड़ियों की सूची जारी की गई थी और इसमें सबसे आश्चर्यजनक यह था कि रिकॉर्ड पांच बार यह खिताब जीत चुके अर्जेटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी का नाम इस प्रारंभिक सूची में शामिल नहीं था। हालांकि, बाकी बचे 15 खिलाड़ियों में बार्सिलोना के फारवर्ड मेसी का नाम है। 30 की सूची में कुल चार खिलाड़ी बार्सिलोना है।
अब तक फीफा के सहयोग से दिए जा रहे इस पुरस्कार से इस बार फीफा ने अपने संबंध समाप्त कर लिए, जिसके बाद ‘फ्रांस फुटबाल’ पत्रिका ने अकेले इस पुरस्कार को जारी रखने का जिम्मा उठाया है।
पत्रिका की ओर से सोमवार को जारी किए गए प्रारंभिक 15 खिलाड़ियों की इस सूची में शीर्ष पांच में वेल्स के फारवर्ड गैरेथ बेल (रियल मेड्रिड), अजेर्टीना के सर्जियो आग्वेरो (मैनचेस्टर सिटी), पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (रियल मेड्रिड), गैबन के पियरे एमरिक ओबामेयांग (बोरूसिया डार्टमंड) और इटली के गियानलुइगी बफॉन (जुवेंतस) शामिल थे।
प्रारंभिक सूची में शामिल अन्य खिलाड़ियों में केविन दे ब्रूयन (मैनचेस्टर सिटी, बेल्जियम), पाउलो देबाला (जुवेंतस, अजेर्टीना), डिएगो गोडिन (एटलेटिको मेड्रिड, उरुग्वे), एंटोइने ग्रीजमान (एटलेटिको मेड्रिड, फ्रांस), गोंजालो हिगुएन (जुवेंतस, अजेर्टीना), ज्लातान इब्राहिमोविक (मैनचेस्टर युनाइटेड, स्वीडन), आंद्रेस इनिएस्ता (बार्सिलोना, स्पेन), कोके (एटलेटिको मेड्रिड, स्पेन), टोनी क्रूस (रियल मेड्रिड, जर्मनी) और रॉबर्ट लेवांडोव्स्की (बायर्न म्यूनिख, पोलैंड) हैं।
‘फ्रांस फुटबाल’ पत्रिका की ओर से देर सोमवार को जारी किए गए बाकी 15 खिलाड़ियों की सूची में हूगो लॉरिस (टोटेनहम, फ्रांस), रियाद माहरेज (लीसेस्टर सिटी, अल्जीरिया), लुका मोड्रिक (रियल मेड्रिड, क्रोएशिया), लियोनेल मेसी (बार्सिलोना, अर्जेटीना), थोमस मुलर (बायर्न म्यूनिख, जर्मनी), नेमार (बार्सिलोना, ब्राजील), मेनुएल नेयूर (बायर्न म्यूनिख, जर्मनी), दिमित्री पायेट (वेस्ट हैम, फ्रांस), पेपे (रियल मेड्रिड, पुर्तगाल), पॉल पोग्बा (मैनचेस्टर युनाइटेड, फ्रांस), रुई पेट्रिको (स्पोर्टिग सीपी, पुर्तगाल), सर्गियो रामोस (रियल मेड्रिड, स्पेन), लुइस सुआरेज (बार्सिलोना, उरुग्वे), जैमी वार्डी (लीसेस्टर सिटी, इंग्लैंड) और आर्तुरो विडाल (बायर्न म्यूनिख, चिली) के नाम शामिल हैं।
पुरस्कार समारोह के आयोजन की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इस बार दिसंबर के मध्य में कभी इसका आयोजन होगा।
फीफा के साथ संधि खत्म होने के बाद ‘बालोन डी ओर’ के नियमों में भी बदलाव हुआ है। यह पुरस्कार हर साल फ्रांस फुटबाल की ओर से दिया जाता है और इसकी शुरूआत 1956 में की गई थी।
नए नियमों के तहत वर्ष के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी के चुनाव के लिए अब केवल दुनिया भर के चयनित पत्रकार ही मतदान करेंगे। इससे पहले इस मतदान प्रक्रिया में चुने गए कप्तान और कोच भी शामिल थे।
इसके अलावा, अब ‘बालोन डी ओर’ के हकदार अंतिम तीन खिलाड़ियों की घोषणा की बजाय सीधे विजेता की घोषणा की जाएगी। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि 2016 में इस पुरस्कार पर ला लीगा के शीर्ष फुटबाल खिलाड़ियों में से किसी एक का कब्जा होगा।
dharmpath.com dharmpath