आईएसएल : नार्थईस्ट और कोलकाता की नजरें शीर्ष पर

गुवाहाटी, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में गुवाहाटी के इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में शुक्रवार को पहली बार नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी और एटलेटिको दे कोलकाता आमने-सामने होंगे और दोनों ही टीमें इस मुकाबले में जीत हासिल कर लीग तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करना चाहेंगी।

पहले सीजन की विजेता कोलकाता की टीम ने अब तक खेले गए छह मैचों में से दो जीत हासिल की है, वहीं उसके तीन मुकाबले ड्रॉ रहे और एक में उसे हार का सामना करना पड़ा। वह नौ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है।

इसके अलावा, तालिका में कोलकाता की टीम से एक अंक आगे दूसरे स्थान पर काबिज नार्थईस्ट की टीम को छह में से तीन मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि उसका एक मुकाबला ड्रॉ रहा और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा।

तालिका में शीर्ष पर काबिज मुम्बई 11 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। हालांकि, शुक्रवार को गुवाहाटी में होने वाले मुकाबले की विजेता टीम को तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त होना तय है।

कोलकाता को अपने अंतिम मुकाबले में मुम्बई से ही हार मिली थी। दूसरी ओर, नार्थईस्ट को अपने अंतिम मैच में मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी के हाथों हार का स्वाद चखना पड़ा था।

नार्थईस्ट के मुख्य कोच नीलो विंगाडा ने मैच से पहले कहा, “हमारी टीम में क्षमता और प्रतिभा है। हम नए घटनाक्रम को अंजाम दे सकते हैं। हालांकि, भाग्य के सहारे की जरूरत है। चेन्नयन के खिलाफ भाग्य ने हमारा साथ नहीं दिया था। मेरा मानना है कि बाकी के सफर में भाग्य जरूर हमारा साथ देगा, क्योंकि हम अच्छा खेल रहे हैं।”

नार्थईस्ट ने आईएसएस की धमाकेदार शुरुआत करते हुए अपने शुरुआती दो मैच जीत लिए थे लेकिन इसके बाद से इस टीम ने कुछ खास नहीं किया है और बाकी के चार मैचों से सिर्फ चार अंक ही जुटाए।

घरेलू मैदान पर वापसी इस टीम को आत्मविश्वास प्रदान करेगी। एसे में प्रोफेसर नाम से मशहूर इस टीम के कोच को इस बात को लेकर आत्मविश्वास होगा कि उनकी टीम एक बार फिर से शीर्ष पर पहुंच जाएगी।

दूसरी ओर, कोलकाता की स्थिति भी तालिका में अच्छी है। यह टीम शीर्ष पर निगाह लगाए हुए नार्थईस्ट को हराना चाहेगी और अपने चरम लक्ष्य सेमीफाइनल की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाना चाहेगी।

कोलकाता को हालांकि शुक्रवार को डगआउट में अपने मुख्य कोच जोस मोलिना की गैरमौजूदगी में ही जीत हासिल करने का प्रयास करना होगा। मुम्बई के साथ हुए मैच के दौरान रेफरी के फैसले पर बार-बार आपत्ति जताने पर उन्हें स्टैंड में भेज दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493