चौथे क्रम पर ही बल्लेबाजी करें धौनी : गांगुली

कोलकाता, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने गुरुवार को एकदिवसीय और टी-20 प्रारूप में राष्ट्रीय टीम की कमान संभाल रहे महेंद्र सिंह धौनी के चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करने का समर्थन किया है।

हालांकि, उन्होंने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर भारतीय टीम के पूर्ण रूप से निर्भर रहने के दावों से असहमति जताई है।

गांगुली ने कहा, “धौनी को चौथे क्रम पर ही बल्लेबाजी करने दें। वह वहीं से मैच का समापन करेंगे। वह अच्छे फिनिशर हैं, इसका अर्थ यह नहीं है कि वह 40वें ओवर के बाद ही बल्लेबाजी करने उतरें।”

उन्होंने कहा, “विराट कोहली तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आते हैं और मैच को अंजाम तक पहुंचाते हैं। यह गलत धारणा है कि फिनिशर को निचले क्रम पर ही बल्लेबाजी करने उतरना चाहिए। धौनी ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए भारत को ढेरों मैच जिताए हैं।”

न्यूजीलैंड के खिलाफ मोहाली में खेले गए तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में धौनी ने भारत के लिए 80 रनों का योगदान दिया था। वहीं, कीवी टीम से मिले 286 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट ने 154 रनों की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली थी।

हालांकि, धौनी और कोहली रांची में खेले गए चौथे एकदिवसीय मैच में भारत को जीत दिला पाने में नाकाम रहे।

अब शनिवार को विशाखापट्टनम में दोनों टीमों के बीच पांच मैंचों की श्रृंखला का अंतिम मैच खेला जाएगा।

भारतीय क्रिकेट टीम के कोहली पर पूरी तरह निर्भर रहने के बारे में गांगुली ने कहा, “वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि टीम उन पर निर्भर है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493