नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित एक पार्क में शुक्रवार को बर्ड फ्लू के कारण तीन अतिरिक्त पक्षियों की मौत हो गई। जिसके बाद प्रशासन ने इस पार्क को बंद कर दिया।
इससे पहले, दिल्ली चिड़ियाघर, हौज खास डियर पार्क और इंदिरा गांधी स्मारक शक्ति स्थल के पास स्थित एक झील को बंद कर किया जा चुका है।
अधिकारियों ने कहा कि पश्चिम विहार स्थित जिला उद्यान में शुक्रवार को दो पक्षियों की मौत हो गई। एक अन्य पक्षी की मौत शक्तिस्थल के पास स्थित झील में हुई। इसके साथ ही मृत कुल पक्षियों की संख्या 75 हो गई है।
दिल्ली के पशुपालन मंत्री गोपाल राय ने 23 सदस्यीय समन्वय समिति की एक बैठक की अध्यक्षता की और सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि उनके अधिकार क्षेत्र के दायरे में मौजूद सभी जलनिकायों पर कड़ी नजर रखें।
राय ने कहा, “यदि इस काम में किसी ने कोताही बरती तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
इससे पहले मंत्री ने सभी सरकारी विभागों को सभी जल निकायों के आसपास चूने का छिड़काव करने का निर्देश दिया था। उन्होंने उन स्थानों पर वायरस रोधी सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव करने का भी आदेश दिया था, जहां पक्षी आमतौर पर जमा होते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, एच5एन1 वायरस के विपरीत, एच5एन8 वायरस मनुष्य के लिए ज्यादा खतरनाक नहीं है।
dharmpath.com dharmpath