अगरतला, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। पहाड़ी पूर्वोत्तर इलाके के मुख्य शहरों को जोड़ने के लिए तीन नई रेलगाड़ियां 12 नवंबर से शुरू की जाएंगी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी प्रणव ज्योति शर्मा ने कहा कि लोगों की बड़ी मांग को देखते हुए तीन साप्ताहिक रेलगाड़ियां गुवाहाटी और सिलचर (383 किमी), गुवाहाटी और अगरतला (577 किमी) और डिब्रूगढ़ और अगरतला (721 किमी) के लिए चलाई जाएंगी।
नई रेलगाड़ियां शुरुआत में चार महीने के लिए चलाई जाएंगी, इसके बाद इनके फेरे जनता की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेंगे।
मौजूदा समय में रेल की सुविधा पूर्वोत्तर इलाके के 25 शहरों -गुवाहाटी, सिलचर, डिब्रूगढ़, तेजपुर, जोरहाट, धुबरी, तिनसुकिया, शिबसागर, न्यू बोंगईगांव, होजई, लुमडिंग, मैबंग, न्यू हाफलोंग, दिफु, बदरपुर, करीमगंज (सभी असम में) अगरतला और धर्मनगर (त्रिपुर), इटानगर (अरुणाचल प्रदेश), मेंदीपाथर (मेघालय), दीमापुर (नागालैंड), जिरीबाम (मणिपुर) और भैरबी (मिजोरम)- में उपलब्ध हैं।
एनएफआर पूर्वोत्तर के बाकी के मुख्य शहरों को 2020 तक जोड़ने के लिए काम कर रहा है।
एनएफआर के एक अन्य प्रवक्ता ने कहा कि असम में ‘काजीरंगा एक्सप्रेस’ के एक प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है।
असम के नौगांव से लोकसभा सदस्य रेल राज्य मंत्री राजेन गोहैन ने जून में बांधवगढ़ और मध्य प्रदेश के कान्हा नेशनल पार्क के लिए शुरू की गई ‘टाइगर एक्सप्रेस’ रेलगाड़ी की तर्ज पर इस रेलगाड़ी का प्रस्ताव रखा है।
dharmpath.com dharmpath