मलप्पुरम (केरल), 1 नवंबर (आईएएनएस)। यहां कलेक्टोरेट परिसर में मंगलवार अपराह्न् एक विस्फोट हुआ, लेकिन इसमें किसी जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पुलिस ने कहा कि बम एक प्रेसर कुकर में रखा हुआ था और उसे राज्य सरकार के एक अधिकारी के वाहन के बगल में रखा गया था। यह अधिकारी जिला कलेक्टर कार्यालय एक नियमित बैठक के लिए आया हुआ था।
मलप्पुरम के पुलिस अधीक्षक देबेश कुमार बेहरा विस्फोट की खबर सुनकर घटनास्थल पर तत्काल पहुंचे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि यह एक प्रेसर कुकर बम था और एक वाहन के अलावा किसी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा, “घटनास्थल से एक बॉक्स बरामद हुआ है, जिसपर ‘द बेस मूवमेंट’ का एक स्लिप चिपका हुआ है। लगता है कि यह संगठन अतीत में नेल्लोर, मैसूर और कोल्लम में इस तरह की गतिविधियों में लिप्त था।” उन्होंने कहा कि घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया जाएगा।
बेहरा ने यह भी कहा कि बम में इस्तेमाल किए गए अमोनियम नाइट्रेट की भी पहचान कर ली गई है।
जिला कलेक्टर ए. शिनेमोल भी घटनास्थल पर उपस्थित थे। शिनेमोल संयोगवश उस समय कोल्लम के भी कलेक्टर थे, जहां पिछले साल जिला मुख्यालय में इसी तरह का एक विस्फोट हुआ था।
dharmpath.com dharmpath