नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को एक आवासीय इमारत में आग लगने से एक नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों द्वारा पहले दी गई रपट में बताया गया था कि हादसे में 16 अन्य घायल हो गए हैं, लेकिन नवीनतम जानकारी के अनुसार घायलों की संख्या 12 बताई गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “शहादरा में एक चार मंजिला इमारत के भूतल पर कुछ बैटरी रिक्शा चालक अपना रिक्शा चार्ज कर रहे थे, जिसकी वजह से शॉर्ट सर्किट के कारण इमारत में आग लग गई।”
अधिकारी ने कहा, “इमारत में चार परिवार रहते थे, जो एक-दूसरे के रिश्तेदार थे। साथ ही एक परिवार किराये पर रहता था।”
अग्नि शमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि विभाग को सुबह 5.06 बजे इसकी सूचना मिली थी। दमकल की छह गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया था और सुबह 6.30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
पीड़ितों की पहचान देवी कृष्णा (8), संजय (36) और रजनीश (30) के रूप में की गई है।
घायलों में कई नाबालिग भी शामिल हैं। घायलों को जीटीबी अस्पताल और एक अन्य नजदीकी नर्सिग होम में दाखिल कराया गया है।
दो नाबालिगों खुशी (9) और अंशु (11) को शांति नर्सिग होम में और एक वर्षीय पारुल को जीटीबी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
जीटीबी अस्पताल में दाखिल अन्य घायलों में पांच महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath