मैनचेस्टर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर सिटी ने अपने जर्मन मिडफील्डर इल्के गुंडोगान के दो गोलों की बदौलत चैम्पियंस लीग मुकाबले में बार्सिलोना को 3-1 से मात दे दी।
चैम्पियंस लीग में बार्सिलोना के खिलाफ अब तक खेले छह मैचों में सिटी की यह पहली जीत है।
अर्जेटीना के करिश्माई स्ट्राइकर लियोनेल मेसी ने मैच के 21वें मिनट में गोल कर बार्सिलोना को बढ़त दिला दी, लेकिन सिटी ने जबरदस्त वापसी करते हुए 39वें मिनट में गुंडोगान के गोल की बदौलत बराबरी कर ली।
पहला हाफ 1-1 से बराबर रहने के बाद दूसरे हाफ में बेल्जियम के मिडफील्डर केविन डी ब्रुइन ने फ्री किक पर बेहतरीन गोल करते हुए सिटी को बढ़त दिला दी।
बार्सिलोना इसके बाद बराबरी हासिल कर पाता इससे पहले गुंडोगान ने मैच के 74वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर सिटी की बढ़त को 3-1 कर दिया।
गुंडोगान का यह गोल सिटी के लिए विजयी गोल साबित हुआ। इस जीत के साथ पेप गुआर्डियोला की टीम चार मैचों से सात अंक हासिल कर ग्रुप सी में बर्सिलोना से ठीक पीछे दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
बार्सिलोना नौ अंकों के साथ शीर्ष पर है।
सिटी को अभी दो ग्रुप मैच खेलने हैं और एक भी अंक उसे अंतिम-16 में पहुंचा देगा।
dharmpath.com dharmpath