ममता ने एनडीटीवी इंडिया पर एक दिन के प्रतिबंध की निंदा की

कोलकाता, 4 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हिदी चैनल एनडीटीवी इंडिया पर 24 घंटे का प्रतिबंध लगाए जाने की निंदा की है। इन्होंने इसे हतप्रभ करने वाला फैसला बताते हुए कहा है कि इससे सरकार के आपातकाल जैसे रवैये का पता चलता है।

ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर कहा, “एनडीटीवी (इंडिया) पर प्रतिबंध हतप्रभ करने वाला है। अगर सरकार को पठानकोट (वायुसेना अड्डे पर आतंकी हमला) मामले की कवरेज को लेकर आपत्ति है तो इस बारे में कई प्रावधान उपलब्ध हैं। प्रतिबंध तो आपातकाल जैसा रवैया दिखाता है।”

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की एक समिति ने पठानकोट आतंकी हमला मामले में कवरेज में नियमों का उल्लंघन का हवाला देते हुए एनडीटीवी इंडिया पर एक दिन के प्रतिबंध की सिफारिश की थी।

मंत्रालय ने केबल टीवी नेटवर्क (नियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत एनडीटीवी इंडिया का प्रसारण 8-9 नवंबर, 2016 को 24 घंटे के लिए रोकने की बात कही है।

समाचार चैनल पर रोक के खिलाफ आवाजें उठी हैं। सोशल मीडिया पर इसके खिलाफ मुहिम छेड़ी गई है।

कुछ लोगों ने रोक का स्वागत भी किया है, क्योंकि उन्हें लगता है कि चैनल पर पाकिस्तान के पक्ष वाली सामग्री रहती है और यह आतंकवाद पर नरम है, जबकि एक अन्य धड़े ने सरकार के फैसले को प्रेस की आजादी पर अंकुश लगाना बताया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493