नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने तीन सप्ताह से लापता जेएनयू के एक छात्र का पता लगाने के लिए शुक्रवार को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और इनाम राशि बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी है।
विशेष पुलिस आयुक्त पी. कामराज, संयुक्त पुलिस आयुक्त आर.पी. उपाध्याय और विशेष जांच दल प्रमुख मनीषी चंद्रा से मुलाकात के बाद जंग के कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक,”छात्र नजीब का पता लगाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।”
जंग ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात ऐसे समय में की है, जब एक दिन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय परिसर का दौरा किया था और छात्रों से इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन करने का आग्रह किया था।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों के साथ कथित रूप से झगड़ा होने के बाद से नजीब जेएनयू से गायब हैं। एबीवीपी ने इसमें अपनी संलिप्तता से इंकार किया है।
बयान में कहा गया है,”पुलिस ने दिल्ली में और दिल्ली के बाहर 20,000 से अधिक पोस्टर चिपकाए हैं। एसआईटी ने क्षेत्र में चलने वाले 300 से अधिक ऑटो रिक्शा की जांच की है।”
बयान के अनुसार, पुलिस की टीमें नजीब अहमद की तलाश में अजमेर, कोटा, रायबरेली, रुड़की, फैजाबाद, आजमगढ़ और बदायूं का दौरा कर चुकी हैं।
वहीं अहमद का पता लगाने वाले के लिए इनाम राशि दोगुनी कर दो लाख रुपये कर दी गई है।
dharmpath.com dharmpath