लखनऊ , 5 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं का उत्साह कार्यक्रम स्थल पर लगे होर्डिग्स व बैनरों से साफ नजर आ रहा है। प्रदेश को तरक्की की राह पर ले जाने को प्रयासरत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सपा चुनावी नारों, होर्डिगों के जरिए शब्दों की बाजीगारी से अवाम को लुभाने के प्रयास में जुट गई है। यहां लगाए गए हर होर्डिग में शब्दों का चयन काफी समझदारी से किया गया है।
लखनऊ , 5 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं का उत्साह कार्यक्रम स्थल पर लगे होर्डिग्स व बैनरों से साफ नजर आ रहा है। प्रदेश को तरक्की की राह पर ले जाने को प्रयासरत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सपा चुनावी नारों, होर्डिगों के जरिए शब्दों की बाजीगारी से अवाम को लुभाने के प्रयास में जुट गई है। यहां लगाए गए हर होर्डिग में शब्दों का चयन काफी समझदारी से किया गया है।
पार्टी की ओर से रजत जयंती के लिए लगाए गए होर्डिगों में हर उस इंसान को समाजवादी माना गया है, जिसमें संवेदना है, राष्ट्रभक्ति का भाव है।
सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह की आदमकद तस्वीर व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव की बड़ी-बड़ी तस्वीरों वाले इन होर्डिग्स का एक-एक शब्द ढेरों संदेश देता है।
एक होर्डिग में कहा गया है कि ‘लहू में देशभक्ति है तो आप में भी एक समाजवादी है।’ दूसरी होर्डिग कहती है कि ‘धर्म से पहले नेकी है तो आप समाजवादी विचारों के पोषक हैं।’ तीसरी होर्डिग कहती है कि ‘गरीबों से हमदर्दी है तो आप समाजवादी हैं।’
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने चुनाव प्रचार में ‘काम बोलता है’ एक हाथ में सपा का झंडा, दूजे में तिरंगा जैसे टैग लाइन वाले आडियो-वीडियो प्रचार गीत तैयार कराए हैं, जिसमें सपा के संघर्ष बलिदानों की गाथा के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कामकाज का उल्लेख है।
सपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव राजेश दीक्षित कहते हैं कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समय की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास के पक्षधर हैं और युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर कार्य करने वाले नेता हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश का युवा उनके पीछे खड़ा है।
कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री चौराहे से लेकर जनेश्वर मिश्र पार्क तक मुलायम सिंह, अखिलेश यादव व शिवपाल के बड़े-बड़े होर्डिग्स लगे हुए हैं। इसके जरिए साफ तौर पर परिवार में एकजुटता का भी संदेश दिया गया है।
सपा अपनी स्थापना के 25 साल पूरे होने पर शनिवार को रजत जयंती समारोह मना रही है। इस रजत जयंती समारोह को जहां समाजवादी पार्टी यादगार बनाना चाहती है, वहीं इसे शिवपाल के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।
इस समारोह के साथ ही सपा औपचारिक रूप से अपना चुनाव प्रचार शुरू करेगी। शिवपाल यादव का कहना है कि सपा का लक्ष्य किसी भी स्थिति में भाजपा को उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने से रोकना है।
उन्होंने कहा, “सभी धर्मनिरपेक्ष दल उत्तर प्रदेश में भाजपा को सरकार नहीं बनाने देंगे।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 में बहुमत की सरकार बनाने के बाद, केंद्र से भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतें एकजुट होंगी।”
भव्य समारोह के लिए पूरे शहर को पोस्टरों और होर्डिग्स से पाट दिया गया है। राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं समारोह के संयोजक गायत्री प्रजापति ने कहा, “हमें आज पांच लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है।”
dharmpath.com dharmpath