चाहे जितना अपमान कर लो, हमने भी बहुत काम किया : शिवपाल (लीड-1)

लखनऊ , 5 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के रजत जयंती समारोह को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव भावुक हो गए और उनका दर्द छलक आया। उन्होंने अखिलेश से कहा कि वह चाहे जितना अपमान कर लें, लेकिन उन्होंने भी पार्टी के लिए काफी काम किया है।

जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने ये बातें कही। शिवपाल ने मंच से आमंत्रित अथितियों का स्वागत करते हुए अपने और अखिलेश के बीच चल रही तनातनी का खुलेआम जिक्र किया।

शिवपाल ने कहा, “चाहे जितना अपमान कर लो, बर्खास्त कर लो, लेकिन मैंने भी बहुत काम किया है।”

उन्होंने अखिलेश से कहा, “मुख्यमंत्री जी मेरे विभाग में जितना काम हुआ, वह आपके विभाग में नहीं हुआ। मुख्यमंत्री जी मेरा अपमान कर लो और क्या चाहते हो मुझसे? जो भी मंगोंगे दे देंगे। मैंने भी बहुत संघर्ष किया है। मुझे कभी मुख्यमंत्री नहीं बनना।”

इससे पूर्व लालू यादव ने मंच पर अखिलेश और शिवपाल को गले लगवाया और हाथ उठवाकर एकजुटता का संदेश दिया। इतना ही नहीं, अखिलेश ने शिवपाल के पैर भी छुए। दोनों के चेहरे की मुस्कान बता रही थी कि अब सब कुछ ठीक है।

समारोह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सांसद पत्नी सांसद डिंपल यादव भी मौजूद थीं।

इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने एक बार फिर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के संघर्षो को याद करते हुए कहा, “हमने उनसे बहुत कुछ सीखा है।”

शिवपाल ने कहा कि रजत जयंती के अवसर पर आज डॉ. राममनोहर लोहिया व जनेश्वर मिश्र के संघर्षो को याद करने के लिए जुटे हुए हैं।

लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित सपा के रजत जयंती समारोह के मौके पर लाखों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने ये बातें कही।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “नेताजी के 25 वर्षो के संघर्षो की वजह से ही आज सपा रजत जयंती मना रही है। आज लोहिया व जनेश्वर मिश्र को याद करने का दिन है।”

देश के पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा की तारीफ करते हुए शिवपाल ने कहा कि उनका पूरा जीवन ही संघर्षो में बीता है। वह आज यहां मौजूद हैं। यह सपा के लिए सम्मान की बात है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बीच मनमुटाव को लेकर भी शिवपाल बोले। उन्होंने कहा, “पिछले चार वर्षो के दौरान हमने भी बहुत काम किया है। पार्टी और सरकार में हमारा भी बहुत योगदान है।”

इससे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव बेहद गर्मजोशी से मिले। समारोह शुरू होने से करीब आधा घंटा पहले जनेश्वर मिश्रा पार्क पहुंचे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने काफी देर तक शिवपाल सिंह यादव के साथ मंच पर बातचीत की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493