गुरुग्राम, 5 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में 58 वर्षीय महिला के खिलाफ पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मृतक 60 वर्षीय गीतम सिंह दिल्ली-जयपुर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर मानेसर में स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी था और पथरेड़ी का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार, गीतम ने विद्यालय में ही जहर खाया और प्रवेश द्वार के पास अचेतावस्था में पाया गया।
विद्यार्थियों ने पुलिस को सूचित किया जिसके बाद गीतम को तत्काल मानेसर के रॉकलैंड अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस अधिकारी सुरेश कुमार ने आईएएनएस को बताया, “गीतम की उपचार के दौरान मौत हो गई और मरने से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी ऊषा रानी को जिम्मेदार बताया है।”
कुमार ने बताया, “हम मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपी ऊषा रानी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।”
पुलिस ने मानेसर निवासी और उसी विद्यालय में विद्यार्थी मोहित उर्फ मोनू की शिकायत पर ऊषा रानी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है।
dharmpath.com dharmpath