कार में आग लगते ही दंपति अपने मासूम बच्चे के साथ तुरंत कार से उतर गए। देखते ही देखते आग ने अपना विकराल रूप लेते हुए पूरी कार को आगोश में ले लिया।
जानकारी मिली है कि शहर के राधानगर मोहल्ला निवासी जयराम का पुत्र सोहनलाल अपनी पत्नी मीरा देवी व पांच वर्षीय पुत्री के साथ शहर में ही स्थित जगत नर्सिग होम में भर्ती रिश्तेदार को देखने अपनी मारुति कार (उप्र 78 एएक्स/9933) से गए थे। मुलाकात करने के बाद दंपति व पुत्री कार में बैठकर वापस घर आ रहे थे।
कार जैसे ही हरिहरगंज ओवरब्रिज के ऊपर पहुंची, पेट्रोल टंकी लीक होने के कारण इंजन में आग लग गई। आग देख सोहन ने तत्काल गाड़ी रोक दी और अपने परिवार सहित कार से बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने कार को अपने आगोश में ले लिया।
इस बीच दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। तभी किसी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल के जवानों ने लगभग पौन घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। अगर सही समय पर सोहन अपने परिवार के साथ कार से बाहर न निकल जाते तो किसी बड़ी अनहोनी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। आग की लपटों में आने के कारण कार जलकर खाक हो गई।
dharmpath.com dharmpath