मुंबई, 7 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयवंती बेन मेहता का सोमवार तड़के 78 वर्ष की उम्र में अपने घर में निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार चल रही थीं।
गृहिणी से राजनेता बनीं जयवंती बेन भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुकी थीं। उन्होंने रविवार देर रात करीब 1.30 बजे अंतिम सांस ली।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार शाम को शिवाजी पार्क श्मशान में किया जाएगा।
करीब छह साल पहले उन्होंने अपनी बहुभाषी आत्मकथा ‘मार्चिग विद टाइम’ का लेखन और विमोचन किया था, जिसमें उन्होंने एक मध्यवर्गीय घर की गृहिणी से नगर निगम की पार्षद और उसके बाद सांसद और फिर केंद्रीय मंत्री बनने की अपनी यात्रा का उल्लेख किया था।
गुजराती समुदाय की दिग्गज नेता के निधन पर सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयवंती बेन के निधन पर ट्वीट के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “जयवंती बेन मेहता के निधन से दुखी हूं। हमें राष्ट्र के प्रति उनका खास योगदान याद है। उनके परिवार के साथ संवेदनाएं।”
केंद्रीय मंत्रिमंडल में जयवंती बेन मेहता के सहकर्मी रह चुके महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.वी. राव ने मेहता को एक ‘अच्छा वक्ता और अपार ऊर्जा से भरपूर एक प्रतिबद्ध सामाजिक कार्यकर्ता कहा।’
राव ने कहा, “वह लोगों से जुड़ी रहीं और उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों की मदद की और राज्य खासतौर पर दक्षिण मुंबई में अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास में योगदान दिया।”
dharmpath.com dharmpath