राजकोट, 8 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलने आई इंग्लैंड के कप्तान एलिस्टर कुक ने मंगलवार को खुलासा किया कि राजकोट में बुधवार से शुरू हो रहे श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच में हसीब हमीद सलामी बल्लेबाज के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करेंगे।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की आधिकारिक वेबसाइट पर मंगलवार को प्रसारित रिपोर्ट में कहा गया है कि कप्तान कुक ने इसकी पुष्टि कर दी है कि वह हमीद के साथ राजकोट टेस्ट में पारी की शुरुआत करने उतरेंगे।
इससे पहले कुक के साथ पारी की शुरुआत करने वाले बेन डकेट को चौथे क्रम पर खिसका दिया गया है।
कुक ने कहा, “हमीद सलामी बल्लेबाज के तौर पर टेस्ट पदार्पण करने वाले हैं। डकेट अब चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे। वह जिस फॉर्म से यहां पहुंचे हैं, उससे हम बेहद प्रभावित हैं। वह अभी युवा हैं, लेकिन काउंटी क्रिकेट देखने वालों का कहना है कि वह राष्ट्रीय टीम के लिए भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।”
हमीद काउंटी क्लब लंकाशर के लिए खेलते रहे हैं और किसी एक सीजन में 1,000 रन बनाने वाले वह क्लब के सबसे युवा बल्लेबाज हैं।
dharmpath.com dharmpath