भोपाल, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नन्दकुमार सिंह चौहान ने 500 और 1000 के नोट बंद किए जाने के फैसले को राष्ट्र हित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काले धन के खिलाफ ‘मास्टर स्ट्रोक’ कहा है।
चौहान ने बुधवार को एक बयान जारी कहा, “पिछले दशकों में देश में भ्रष्टाचार और काला धन जैसी बीमारियों ने अपनी जड़े जमा लीं हैं और देश से गरीबी हटाने में भ्रष्टाचार और काला धन सबसे बड़ी चुनौती के रूप में हमारे सामने खड़ा है।”
उन्होंने आगे कहा, “मोदी सरकार ने सत्ता में आते ही सबसे पहले भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत करते हुए अनेक प्रभावी कदम उठाए। काले धन की जांच के लिए सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन, विदेशों में जमा काले धन के लिए वर्ष 2015 में मजबूत कानून बनाने का किया।”
चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 500 और 1000 रुपये के नोट बंद करके भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का ऐतिहासिक कदम उठाया है। इस निर्णय से कालेधन पर नकेल कसेगा और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
dharmpath.com dharmpath